बजरंगपारा में मारपीट एवं मिनीमाता चौक पर हुए लूट के आरोपी एक युवक और विधि से संघर्षरत दो बालक हिरासत में


तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। थाना जूटमिल क्षेत्र अंतर्गत ओवरब्रिज के सामने मिनीमाता चौक के पास हुई लूटकांड और मारपीट की घटना का जूटमिल पुलिस ने खुलासा करते हुए घटना में शामिल विधि से संघर्षरत दो बालकों व इनके साथ वारदात में शामिल बालिग आरोपी गणेश सारथी, निवासी बजरंगपारा जूटमिल को भी पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन एवं वारदात में प्रयुक्त बटन चाकू बरामद किया गया है। पुलिस जाँच में यह भी सामने आया कि इन्हीं दोनों विधि से संघर्षरत बालकों ने उसी रात गणेश सारथी एवं एक अन्य युवक के साथ मिलकर बजरंगपारा निवासी 17 वर्षीय विनय जायसवाल पर भी चाकू से हमला किया था।
         पहली वारदात में 04 अक्टूबर 2026 की रात्रि करीब 9 बजे ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग, मिनीमाता चौक के पहले रेलवे पटरी के पास आरोपियों ने प्रार्थी रितेश कुमार जैन पिता सुरेश जैन उम्र 35 वर्ष, निवासी महरापारा जूटमिल का रास्ता रोक लिया। दोनों नाबालिगों ने 3 अन्य साथियों के मिलकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसी दौरान आरोपियों ने अपने पास रखे नुकीले चाकू से प्रार्थी के दाहिने सीने पर वार कर दिया और उसके पास रखे 300 रुपये नगद एवं वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
दूसरी वारदात में इसी रात करीब 8 बजे दोनों विधि से संघर्षरत बालकों ने आरोपी गणेश सारथी (24 साल) और एक अन्य आरोपित के साथ मिलकर बजरंगपारा के 17 वर्षीय किशोर बालक से शराब के लिए पैसे मांगकर उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से उसके पेट में चाकू से वार कर मौके से फरार हो गए।
         दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में टीआई जूटमिल अभिनव कांत सिंह ने तत्काल अपने स्टाफ को आरोपियों की पतासाजी में लगाया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी, संदिग्धों की गतिविधियों एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के बाद तीन संदेहियों को पकड़ा। पूछताछ और जाँच में तीनों की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई, जिनमें आरोपी गणेश सारथी केवल मारपीट में शामिल था। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, एक बटन चाकू और एक हाथ पहना लोहे का कड़ा बरामद किया गया है।
         पुलिस जाँच में यह भी सामने आया है कि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों एवं गणेश का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। ये हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और मारपीट के अपराधों में लगातार संलिप्त रहे हैं ।
       इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, सहायक उप निरीक्षक नरसिंह नाथ यादव सहायक, उप निरीक्षक हेमंत कश्यप, प्रधान आरक्षक सतीश कुमार पाठक, आरक्षक सुशील यादव, तरुण महिलाने, नरेश रजक, संजय एक्का और राकेश कुमार नायक की अहम भूमिका रही है ।
       ”चाकूबाजी, लूट एवं गंभीर अपराधों अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जावेगा, जूटमिल पुलिस ने शीघ्र धरपकड़ कर आरोपियों को पकड़ा, ऐसे गंभीर अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।“- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *