"तू मुझे क्या जेल भेजेगा..?" आरोपी ने दी जज को धमकी

💥न्यायालय के भीतर सुनवाई के दौरान अचानक मच गई अफरा-तफरी, जज पर हमले की कोशिश।

तहतक न्यूज/मुंगेली,छत्तीसगढ़। मुंगेली जिला न्यायालय में रिमांड पेशी के दौरान एक आरोपी ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) सतीश कुमार खाखा पर हमले की कोशिश की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। यह घटना 17 नवंबर 2026 को हुई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नया मामला दर्ज कर लिया है।
        दरअसल, सरगांव थाना क्षेत्र में दर्ज एक हाइवा चोरी के मामले में सुनवाई हो रही थी। इसी सिलसिले में पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत को कटघरे में खड़ा किया था। कार्यवाही के दौरान सीजेएम ने पहचान के लिए आरोपी से उसका नाम पूछा। नाम पूछते ही आरोपी भड़क गया और बेहद अभद्र लहजे में जवाब दिया। उसने कहा कि कागजात सामने रखे हैं, खुद ही पढ़कर देख लो।  उसने पहले पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की और फिर कटघरे से छलांग लगाकर जज के डायस तक पहुँच गया। जज की कुर्सी के सामने लगे सुरक्षा कांच को झकझोर कर तोड़ने का प्रयास किया। उसने जज को खुली धमकी देते हुए कहा कि "तू मुझे क्या जेल भेजेगा"।
        इस घटना के बाद न्यायालय के प्रस्तुतकार शत्रुहन बेलदार ने मुंगेली के सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी भगतराम राजपूत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 296 और 351 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। इनमें सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्र व्यवहार करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप शामिल हैं।
         अब बात करें इस घटनाक्रम में तहतक की तो वर्तमान समय में हालात इतने खराब हो चुके हैं कि अपराधियों को कानून की सजा का कोई भय नहीं रह गया है। न जाने किसकी शह पर इनके हौसले बुलंद हो गए हैं कि अब तो न्यायालय में बैठे जज के ऊपर भी हमला करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि जब न्यायालय के अंदर बैठे जज सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा और न्याय की उम्मीद कैसे करे ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *