समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान खींचने ग्रामीणों का अनोखा अंदाज, अधिकारी-कर्मचारी भी रह गए हैरान

💥 13 कि.मी. दूर से हांक कर लाये आवारा मवेशियों को ग्रामीणों ने छोड़ा कलेक्ट्रेट परिसर में।

तहतक न्यूज/अम्बिकापुर,छत्तीसगढ़। जिला मुख्यालय में उस वक्त हंगामा मच गया जब आवारा घूम रहे मवेशियों से परेशान ग्राम परसा-भकुरा के ग्रामीणों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुँच कर अनोखे अंदाज में प्रशासन का ध्यान अपनी समस्या की ओर आकृष्ट किया।
       बता दें कि करीब 13 किलोमीटर दूर अंबिकापुर-रामानुजगंज नेशनल हाइवे पर घूम रहे दर्जनों गाय-बैलों को ग्रामीण कलेक्टोरेट तक हांककर ले आए और सभी मवेशियों को कलेक्ट्रेट परिसर में छोड़ दिया। परिसर में बड़ी संख्या में गाय-बैल पहुंचने से वहाँ मौजूद अधिकारी-कर्मचारी भी हैरान रह गए। ग्रामीणों की मानें तो परसा-भकुरा क्षेत्र से गुजरने वाली सडक पर बड़ी संख्या में गाय-बैल चौबीसों घंटे आवारा घूमते रहते हैं। रात के समय जहाँ-तहाँ सड़क पर बैठे रहते हैं, जिससे वाहन चालकों को हादसे का भय हमेशा बना रहता है। कई बार बाइक सवार, कार और भारी वाहन चालक इनसे टकराकर हादसे का शिकार हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या न केवल सडक हादसे तक सीमित है बल्कि, आवारा मवेशी खेतों में पहुंचकर धान, मक्का और अन्य फसलों को भी चौपट कर रहे हैं। इससे किसानों को आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि शहर में पकड़े जाने वाले मवेशियों को रात के समय गाँव की तरफ छोड़ दिया जाता है, जिससे समस्या और बढ़ गई है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मवेशियों को रखने के लिए उचित व्यवस्था की जाए, जहां उनके रहने और चारे की पर्याप्त इंतजाम हो। साथ ही मवेशियों को खुला छोड़ने वाले पालकों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *