बेरहम लुटेरों ने मोबाईल और चार हजार रूपये के लिए कर दी उप-सरपंच की चाकू मारकर हत्या

तहतक न्यूज/दुर्ग, छत्तीसगढ़। अपराध पर लगाम कसने कानून और पुलिस लाख प्रयास करे, लेकिन अपराध है कि थमने का नाम ही नहीं ले रहा। चोरी, डकैती, मारपीट, हत्या, बलात्कार जैसे गंभीर वारदातों की एक से बढ़ कर एक खबरें आये दिन देखने-सुनने को मिल रही हैं। ऐसी ही एक घटना में लूटपाट का विरोध करने पर ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है।
       

यह सनसनीखेज वारदात बीते 2 अगस्त की रविवार देर रात धमधा रोड पर करहीडीह और चिखली चौक के बीच घटित हुई। बताया जा रहा है कि उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप अपने साथी के साथ भिलाई के एक निजी अस्पताल से लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर लूटपाट की कोशिश की। प्रकाश सिंह द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और 4,000 रूपये नगद लूटकर फरार हो गए। उनके साथ मौजूद दूसरे व्यक्ति ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचित किया। मृतक प्रकाश सिंह कश्यप की पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में ग्राम तुमाकला की सरपंच हैं। जेवरा सिरसा चौकी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हत्या और लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर नाकेबंदी कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *