उफनते नाले में गिरी कार, कार में सवार पति-पत्नी लापता एक ने कूद कर बचाई अपनी जान

तहतक न्यूज/सारंगढ़,छत्तीसगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से रविवार शाम (26 जुलाई 2026) को लात नाले (घोघरा नाले) में एक कार के बह जाने का दुःखद हादसा सामने आया है। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार शाम सारंगढ़ क्षेत्र के घोटला बड़े निवासी व्यवसायी देवनारायण पटेल अपनी पत्नी सविता पटेल के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान माधोपाली-बांधापाली के बीच स्थित लात नाला के पुराने पुल पर उनकी कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई।  इस घटना में देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी पानी के तेज बहाव में बह गए, जिनकी तलाश में स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की रेस्क्यू टीम लगातार जुटी हुई है।     
         इलाके में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नाला पूरी तरह उफान पर था और पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा था। ड्राइवर ने पानी के तेज बहाव के बावजूद गाड़ी को आगे बढ़ाने की कोशिश की, जिससे कार असंतुलित हो कर नाले में बह गई। कार के पूरी तरह डूबने और बहने से पहले उसमें सवार एक अन्य व्यक्ति ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गयी। वहीं,स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार को बाहर निकाला गया, लेकिन उसमें सवार देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल का कोई पता नहीं चल सका। एनडीआरएफ (NDRF) और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। प्रशासन ने अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। कृपया जलमग्न पुल, पुलिया या उफनते रास्तों को पार करने का जोखिम न उठाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *