💥मित्र को स्कूटी देने से नाराज माँ ने लगाई फटकार तो बेटे ने लगा दी आग।
💥स्कूटी बचाने के फेर में झूलसे उसी मित्र की चली गयी जान।
तहतक न्यूज/रायपुर,छत्तीसगढ़। अगर आप भी गुस्सैल मिजाज हैं, तो हो जाएं सावधान..! कहते हैं, क्रोध की अग्नि आग से भी तेज होती है, गुस्से की आग ने हमेशा नुकसान पहुँचाया है फिर भी लोग गुस्से पर काबू रखने की कोशिश नहीं करते। यही वजह है कि आवेश में आकर अपना विवेक खो बैठते हैं और ऐसा कांड कर देते हैं, जिसकी कोई कल्पना तक नहीं कर सकता। ऐसे ही एक स्तब्ध कर देने वाली घटना की तस्वीर राजधानी रायपुर से निकल कर आयी है, जहाँ गुस्से में आकर माँ ने कड़ी फटकार लगा दी तो बेटे ने गुस्से में स्कूटी को आग लगा दी। वहीं, स्कूटी को बचाने के चक्कर में दोस्त की जान चली गयी।
बता दें कि, सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के मुकेश निषाद (21वर्ष) ने बीते 12 जुलाई को अपनी ओला स्कूटी (CG 04 QZ 2338) अपने मित्र साकिब रजा को चलाने के लिए दी थी। इस बात पर नाराज उसकी मां ने उसे कड़ी फटकार लगाई, तो वह गुस्से में आग-बबूला हो गया और अपने दोस्तों के साथ सुयश अस्पताल के सामने स्थित मैदान, कोटा पहुँचा और अपनी स्कूटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने लगा। इसी दौरान साकिब रजा उसे रोकने के प्रयास में स्कूटी के ऊपर लेट गया, लेकिन मुकेश आवेश में अंधा हो चुका था। उसने बिना सोचे-समझे आग लगा दी। फिर क्या? देखते ही देखते आग तेजी से फैल गयी और स्कूटी के साथ साकिब भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में घायल साकिब रजा को तत्काल डी.के.एस. अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 17 जुलाई को उसने दम तोड़ दिया।
मर्ग जांच, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धारा के तहत थाना सरस्वती नगर में अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी सरस्वती नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुकेश निषाद, निवासी रामजी हलवाई गली, रामसागर पारा, थाना आजाद चौक, रायपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।


