तहतक न्यूज/छत्तीसगढ़। प्रदेश के बिलासपुर की तोरवा थाना पुलिस ने अपने ही प्रेमी को फंसाने के लिए फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर झूठी शिकायत दर्ज कराने वाली 26 वर्षीय युवती प्रीति सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। तकनीकी और साइबर जांच के बाद पुलिस ने इस पूरे फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया। मामले में आरोपी युवती प्रीति सूर्यवंशी ने पहले तोरवा थाने में शिकायत की थी कि संजय रात्रे नाम का युवक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर उसे ब्लैकमेल और अश्लील संदेश भेज रहा है।
पुलिस की साइबर और तकनीकी जांच में खुलासा हुआ कि युवक के नाम पर बनाई गई वह फर्जी आईडी खुद युवती ही चला रही थी। उसने खुद को ही अश्लील मैसेज भेजकर स्क्रीनशॉट तैयार किए थे। पुलिस जांच के अनुसार, युवक संजय रात्रे और युवती पहले से परिचित थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे। ब्रेकअप या आपसी विवाद के बाद युवक की सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने के लिए युवती ने यह साजिश रची थी। पुलिस ने इस मामले में पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी युवती को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सोशल मीडिया का दुरुपयोग करके किसी को झूठे मामले में फंसाना और पुलिस को गुमराह करना एक गंभीर साइबर अपराध है, जिस पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया है।
सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर पुलिस की चेतावनी
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल कर किसी को बदनाम करना गंभीर अपराध है। फर्जी आईडी बनाना, अश्लील सामग्री फैलाना और झूठी शिकायत दर्ज कराना कानूनन दंडनीय है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



