सामाजिक रीति-रीवाज के साथ धूमधाम से हुई शादी, मगर वो थी रिश्ते में किसी और के साथ..!

तहतक न्यूज/एमसीबी, छत्तीसगढ़। आधुनिक फैशन की चकाचौंध के फेर में अपनी परम्पराओं और संस्कृति का त्याग कर पाश्चात्य सभ्यता का अनुशरण करना कितना नुकसान दायक साबित होता है, इसका ताजा उदाहरण छत्तीसगढ़ से सामने आया है। प्रदेश के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में एक शादी समारोह की खुशियाँ उस वक्त गम में बदल गया, जब दुल्हन का कथित प्रेमी विवाह के दो दिन बाद रिसेप्शन के मौके पर अचानक उसके ससुराल पहुंच गया और सभी के सामने अपने रिश्ते का दावा करने लगा। युवक ने बताया कि दुल्हन पिछले तीन साल से उसकी गर्लफ्रेंड है और वह उसके बिना नहीं रह सकता। इस खुलासे के बाद शादी वाले घर में हड़कंप मच गया और मामला सीधे थाने तक पहुंच गया।
                जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत कठौतिया निवासी नवीन कुमार की शादी 6 मई को कोड़ा निवासी  अनिता के साथ सामाजिक रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई थी। विदाई के बाद जब दुल्हन अपने ससुराल पहुंची तो घर में शादी की पार्टी की तैयारियां चल रही थीं। खुशी के मौके पर नाते-रिश्तेदार व मेहमान पहुंचे हुए थे। तभी  अचानक मयूर अग्रवाल नाम का एक युवक दुल्हन के ससुराल पहुंच गया और दावा करने लगा कि वह और दुल्हन पिछले तीन वर्षों से रिलेशनशिप में हैं। युवक ने यह भी कहा कि उसके पास दोनों के साथ के फोटो और वीडियो मौजूद हैं। उसने साफ कहा कि वह युवती के बिना नहीं जी सकता और उसे किसी भी हालत में छोड़ नहीं सकता।
                 इस दावे के बाद शादी वाले घर में लोग अवाक रह गए। दुल्हन पक्ष और वर पक्ष के बीच काफी देर तक बहस होता रहा। स्थिति इतना गंभीर हो गया कि  पुलिस को बुलाना पड़ गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दूल्हा, दुल्हन तथा युवक को पूछताछ के लिए सिटी कोतवाली थाना ले गई।
        देर रात तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत और समझाइश का दौर चलता रहा। पुलिस ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन कोई हल नहीं निकल पाया। पूरे घटनाक्रम के चलते शादी की रिसेप्शन पार्टी भी रद्द करनी पड़ी।
              विवाद बढ़ने के बाद दूल्हे ने दुल्हन को अपने साथ रखने से साफ इनकार कर दिया। दूल्हे का कहना है कि यदि युवती पहले से किसी और के साथ रिश्ते में थी तो वह उसे स्वीकार नहीं कर सकता। उसने तलाक लेने की बात भी कही है। इस बयान के बाद मामला और पेचीदा हो गया है।
          फिलहाल, पुलिस द्वारा दोनों परिवारों को समझाइश देकर शांत कराया गया है, लेकिन शादी के दौरान हुए इस घटनाक्रम पर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बात तहतक की करें तो शादी का सपना हर कोई संजोये रहता है और अपने गृहस्थ जीवन एवं भविष्य को लेकर तरह-तरह के ताने-बाने बुनता है, परन्तु बेकसूर नवीन कुमार के सारे सपने एक ही झटके में टूट गए। आखिर उसने किसी का क्या बिगाड़ा था? जिसकी सजा उसे व उसके परिवार को अपमान का कड़वा घूंट पीकर भुगतनी पड़ी। सवाल उठता है कि क्या "लव अफेयर" या "लिव इन रिलेशनशिप" को बढ़ावा देने वाले जिम्मेदार उस पीड़ित परिवार का मान-सम्मान लौटा पाएंगे? क्या दोषियों को उनके किये की सजा मिल पायेगी? सभ्य समाज के लिए यह एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *