ससुराल में बच्चों से नहीं मिलने देने पर बाउंसर जीजा ने सालियों पर दागी गोलियां, दो की मौत

तहतक न्यूज/रायपुर, छत्तीसगढ़। एक तरफ जहाँ मानव सभ्यता इक्कीसवीं सदी में विकास की नई-नई ऊँचाइयाँ हासिल कर रहा है, वहीं मानव समाज में पारिवारिक विवाद के हिंसक रूप लेने की भयावह तस्वीरें भी लगातार सामने आ रही हैं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा इलाके में इसी तरह की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद ने इतना बड़ा खूनी रूप ले लिया कि परिवार के दो सदस्यों की जान चली गयी। एक बाउंसर जीजा ने अपने ससुराल में घुसकर अपनी दो सालियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया और सड़क पर हवा में फायरिंग करते हुए स्वयं ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
               पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र वर्मा पेशे से बाउंसर है और उसने घटना को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार को दोनों पति-पत्नी के बीच झगड़ा होने के बाद पत्नी बच्चों को लेकर मायके चली गयी थी। झगड़े के बाद जितेंद्र उससे मिल नहीं पा रहा था। शराब के नशे में धुत होकर वह देर रात अपने ससुराल पहुंचा और अपने बच्चे से मिलने की जिद करने लगा। जब उसकी दोनों सालियां, गीतांजलि और दुर्गेश्वरी, बाहर आईं और उसे समझाने की कोशिश की कि अभी नशे में हो कल आ जाना। इसके बाद तीनों के बीच बहस होने लगी और विवाद इतना बढ़ गया कि जितेंद्र आपे से बाहर हो गया और अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और दोनों बहनों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। माथे पर गोली लगने से गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दुर्गेश्वरी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गयी।
           इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सड़क पर निकलकर हवा में फायरिंग की और सीधे थाने पहुंचकर खुद को सरेंडर कर दिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल, पुलिस घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।
      आज के सभ्य और शिक्षित परिवार में छोटी-मोटी बातों को लेकर विवाद उपजना आम बात हो गयी है, जिसका शांति पूर्वक आपसी बातचीत से हल निकाला जा सकता है, लेकिन बात तहतक की करें तो अपवाद स्वरुप कुछ लोगों को छोड़ बाकि हर कोई शराब का शौकीन है और नशा एक ऐसी चीज है कि जिसके सेवन से इंसान अपना विवेक खो बैठता है तथा आवेश में आकर परिणाम की चिंता किये बगैर बड़ी घटना को अंजाम दे देता है। यही कारण है कि समाज में इस तरह की घटनाओं की दिल दहला देने वाली भयानक तस्वीरें निरंतर देखने को मिल रही हैं। नशे की ओर बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले समय में ऐसी आपराधिक घटनाएं और बढ़ती ही जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *