तहतक न्यूज/कवर्धा,छत्तीसगढ़। भागम-भाग की जिंदगी और धन कमाने की होड़ ने जहाँ मानव जीवन को तनावग्रस्त बना दिया है, वहीं कभी-कभी ऐसा भी वक्त आ जाता है जब इंसान की सोचने-समझने की शक्ति शून्य हो जाती है और वह ऐसा कदम उठा लेता है, जिसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। जी हाँ, ऐसी ही एक बेहद ही झकझोर देने वाली दुःखद घटना की तस्वीर कवर्धा जिले से सामने आयी है, जहाँ एक व्यवसायी और उनके परिवार ने कथित तौर पर आत्महत्या का प्रयास किया।
मिली जानकारी के अनुसार कवर्धा के एक व्यापारी ने कथित रूप से अपने पूरे परिवार के साथ जहर सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद चारों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले ने पूरे शहर में चिंता और चर्चा का माहौल बना दिया है।
मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात छड़ व सीमेंट कारोबारी योगेश जैन(42 वर्ष) ने पत्नी सुमन जैन (37वर्ष) बेटी तारिका (16वर्ष) और बेटे प्रिंस (17वर्ष) के साथ जहर खा लिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
घटना स्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसने पूरा मामला और गंभीर हो गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीन पेज के सुसाइड नोट में लगभग चार करोड़ रुपए के लेनदेन का जिक्र किया गया है। यह भी उल्लेख है कि चार से पांच व्यक्ति के पास उनका लेनदेन के रुपए बकाया है। इसमें एक व्यक्ति के पास तो तीन करोड़ रुपए से अधिक राशि बकाया है।
वर्ष 2020 से 2025 तक उसे चार ट्रेडर्स के नाम पर 3 करोड़ 20 लाख रुपए दिए, लेकिन उसने राशि वापस नहीं किए। जब भी रुपए की मांग करता टाल मटोल करता। कुछ माह पूर्व से तो उन्होंने यहां तक कह दिया कि जो करना है कर लो रुपए वापस कर नहीं करुंगा। इसकी रिकॉर्डिंग भी पीड़ित के पास है। अंत में तंग आकर उसने अपने परिवार के साथ जान देने की सोची। वहीं इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि नोट की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।
फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती यह है कि परिवार के किसी भी सदस्य का बयान दर्ज नहीं हो सका है क्योंकि सभी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का मानना है कि जब तक परिवार के सदस्य बयान देने की स्थिति में नहीं आते, तब तक मामले की सच्चाई तक पहुंचना मुश्किल होगा।
बहरहाल, इस घटना ने पूरे मानव समुदाय को स्तब्ध कर दिया है। ऐसे कई सवाल उठ रहे हैं, जो यक्ष प्रश्न बन गए हैं। बात तहतक की करें तो हर इंसान के जीवन में मानसिक तनाव या संकट के क्षण आते हैं, तो ऐसे समय में घबरायें नहीं, धैर्य से काम लें। समस्या है तो कहीं न कहीं उसका समाधान भी है। जरुरत है तलाशने की, यदि आप भी या आपके निकट सम्बन्धी ऐसे किसी विकट समस्या या अवसाद की स्थिति से जूझ रहे हों तो निःसंकोच सहायता के लिए नीचे लिखे कुछ हेल्पलाइन नम्बर हैं जिन पर संपर्क कर सकते हैं।
💥आसरा (AASRA) 91-9820466726
💥वंद्रेवाला फाउंडेशन (Vandrevala Foundation) 9999 666 555 (कॉल या व्हाट्सएप करें)
💥किरण (Kiran) मानसिक स्वास्थ्य पुनर्वास हेल्पलाइन नंबर 1800-599-0019 (24/7 टोल-फ्री)



