साइबर फ्रॉड पर आधारित  फिल्म "खौफ - द डिजिटल वॉर" का भव्य शुभारंभ

💥कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या देवी साय एवं प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम की गरिमामयी उपस्थिति।
💥साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से बनाई गई फिल्म।
💥एसएसपी शशि मोहन सिंह द्वारा लिखित, निर्देशित एवं अभिनीत फिल्म को मिली खूब सराहना।
💥स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों का मन जीता।
तहतक न्यूज/जशपुर, छत्तीसगढ़। जशपुर के विशिष्ट कम्युनिटी हॉल सभागार में साइबर फ्रॉड पर आधारित शॉर्ट फिल्म "खौफ- द डिजिटल वॉर" का भव्य शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या देवी साय एवं प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर जशपुर के विशिष्ट प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा फिल्म की टीम उपस्थित रही।
        विदित हो कि एसएसपी शशि मोहन सिंह समाज के ज्वलंत मुद्दों पर लगातार शॉर्ट फिल्मों के माध्यम से जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने जशपुर में रहते हुए "कजरी" फिल्म का निर्माण किया था। राष्ट्रीय नाट्य मंचन की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर उन्होंने वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल साइबर फ्रॉड को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से "खौफ - द डिजिटल वॉर" का निर्माण किया।
    बताते चलें कि इस फिल्म की कहानी स्वयं एसएसपी  शशि मोहन सिंह ने लिखी है। उन्होंने फिल्म का निर्देशन भी किया है तथा फिल्म में एक पीड़ित शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके सुपुत्र ऋभु समर्थ सिंह भी फिल्म में प्रमुख भूमिका में नजर आए हैं। फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले नए-नए तरीकों को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
             मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या देवी साय ने कहा कि एसएसपी शशि मोहन सिंह फिल्मों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का बहुत अच्छा कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि साइबर फ्रॉड पर आधारित यह फिल्म लोगों को जागरूक करने में प्रभावी साबित होगी। उन्होंने पूरी पुलिस टीम एवं फिल्म से जुड़े कलाकारों को शुभकामनाएं दीं।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने भी एसएसपी शशि मोहन सिंह के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जशपुर में हो रहे नाट्य मंचन की प्रशंसा करते हुए स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ाने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि फिल्म के जागरूकता संदेशों का सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों के प्रति जागरूक हो सकें।
    कार्यक्रम में उपस्थित फिल्म खौफ की टीम के प्रवीण अग्रवाल, कुंदन सिंह, ऋभु समर्थ सिंह, वंशिका गुप्ता, लायरा जैन एवं राम प्रकाश पाण्डेय ने मंच से फिल्म निर्माण को लेकर अपने अनुभव साझा किया। सभागार में उपस्थित सभी लोगों ने फिल्म की सराहना की और इसे समाज के लिए एक उपयोगी एवं प्रेरणादायक पहल बताया।
     कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ नेता  राजीव नंदे, कलेक्टर  रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत  सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ शशि कुमार, श्रीमती अनामिका नंदे, श्रीमती गीतांजलि व्यास, श्रीमती रेखा सिंह, नितिन राय, राजू गुप्ता, महिला समूह "सजल ग्रुप" की महिलाएं सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *