
तहतक न्यूज/बिलासपुर, छत्तीसगढ़। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के हौसले इतने अधिक बढ़ गए हैं कि धमकी देने के मामले में हाईकोर्ट तक को नहीं बख्श रहे हैं। आपको यह जानकर आश्चर्य होगा कि 25 फरवरी 2026 को बिलासपुर स्थित छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह जानकारी मिलने के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
यह धमकी बुधवार सुबह करीब 11:50 बजे हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसएसपी रजनीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली करा लिया गया और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। घंटों चली तलाशी के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला। पुलिस ने आधिकारिक तौर पर इस धमकी को अफवाह घोषित किया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में आतंकी अजमल कसाब का भी उल्लेख किया गया था। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और साइबर सेल ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और डिजिटल ट्रेल की जांच कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले जनवरी 2026 में भी राजनांदगांव, अंबिकापुर और जगदलपुर की जिला अदालतों को इसी तरह की झूठी धमकियाँ मिल चुकी हैं। सवाल उठता है कि आखिर ऐसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील जगहों को बम से उड़ाने की झूठी धमकियों की खबरें बार-बार सामने क्यों आ रही हैं? कहीं ये उपद्रवियों की कोई गहरी साजिश तो नहीं? या फिर किसी सिरफिरे को चर्चा में आने का शौक चढ़ा हो? खैर, कोर्ट परिसर में कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली, लेकिन हाईकोर्ट ही नहीं बल्कि, सभी जगह सतर्कता की जरुरत है।
