
तहतक न्यूज/जशपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ सरकार धान खरीदी प्रक्रिया में सख्त रवैया अपनाये हुए है, लेकिन शातिर व चालाक लोग हेराफेरी करने से बाज नहीं आ रहे हैं और शासन को करोड़ों का चुना लगा रहे हैं। जशपुर पुलिस ने कोनपारा धान खरीदी केंद्र में हुए साढ़े छः करोड़ रूपये के गबन के मुख्य मास्टर माइंड एवं फरार आरोपी समिति प्रबंधक जय प्रकाश साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 जनवरी 2026 को प्रार्थी राम कुमार यादव नोडल अधिकारी छ.ग.राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स) के द्वारा थाना तुमला में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा पंजीयन क्रमांक 128 के धान खरीदी उपकेंद्र में भुनेश्वर यादव खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी, जयप्रकाश साहू समिति प्रबंधक, शिशुपाल यादव फड़ प्रभारी, जितेंद्र साय कंप्यूटर ऑपरेटर, अविनाश अवस्थी सहायक फड़ प्रभारी तथा चंद्र कुमार यादव उप सहायक फड़ प्रभारी के द्वारा खरीफ वर्ष 2024-25 में धान खरीदी कार्य में अनियमितता कर शासन को करोड़ों रुपए की क्षति पहुंचाई गई है। खरीदी केंद्र के कम्प्यूटर में दर्ज रिकार्ड के अनुसार उक्त खरीफ वर्ष 2024-25 में कुल 01 लाख 61 हजार 250 क्विंटल की धान खरीदी की गई थी, जबकि खरीदी केंद्र के द्वारा मिल व संग्रहण केंद्रों में कुल 1 लाख 40 हजार 663 क्विंटल 12 किलोग्राम धान को परिदान किया गया था। खरीदी केंद्र के पत्रक अनुसार कुल 20,586.88 क्विंटल धान की परिदान हेतु कमी पाई गई थी, जिसके सम्बन्ध में संयुक्त जांच दल के द्वारा भौतिक सत्यापन भी कराया गया था, मौके पर धान उपलब्ध नहीं था, जांच दल की रिपोर्ट में भी कुल 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई। उक्त कृत्य के कारण प्रति क्विंटल 3100 रु. के हिसाब से कुल 20,586.88 क्विंटल धान में 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रु. व धान पैकिंग हेतु नए पुराने कुल 4,898 नग बारदाने जिनकी कुल कीमत 17 लाख 07 हजार 651 रु. इस प्रकार दोनों को मिलकर 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपए की शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाई गई है।
विवेचना के दौरान पुलिस के द्वारा कार्यवाही करते हुए उपरोक्त में से एक आरोपी फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम झारमुंडा थाना तुमला जिला जशपुर को दिनांक 06.01.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। मामले से जुड़े अन्य आरोपी फरार हैं, पुलिस के द्वारा उनकी पातासाजी की जा रही थी। एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह द्वारा कोनपारा धान खरीदी केन्द्र में हुये उक्त बड़ी आर्थिक अनियमितता के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु एसडीओपी पत्थलगांव डाॅ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में विशेष टीम को लगाया गया था एवं इसके साथ सायबर यूनिट को भी सम्मिलित किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि जयप्रकाश साहू दमोह (मध्यप्रदेश) में अपने परिचित के यहां छिपा हुआ है एवं उस परिचित के नाम से सिम लेकर इस्तेमाल कर रहा है, पुलिस को इसकी जानकारी मिलते ही तत्काल एक टीम को दमोह भेजा गया था, परंतु पुलिस के आने की भनक पाकर वह दमोह से भागकर विकास नगर कुसमुंडा जिला कोरबा में आ गया, यहां पर भी जयप्रकाश साहू अपने एक परिचित के नाम से मोबाईल सिम लेकर उसका इस्तेमाल कर रहा था, इसकी जानकारी जशपुर पुलिस को मिलने पर तत्काल बीते रात्रि में कोरबा के कुसमुंडा क्षेत्र में घेराबंदी कर एक घर से जयप्रकाश साहू को अभिरक्षा में लेकर वापस थाना तुमला में लाया गया, पूछताछ में उसके द्वारा अपने साथियों के साथ उक्त अनियमितता को अंजाम देना स्वीकार किया है, आरोपी जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक) उम्र 40 साल निवासी तपकरा के विरूद्ध अपराध सबूत पाये जाने पर उसे दिनांक 21.01.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की सघन पतासाजी की जा रही है।
