
💥 ऑर्केस्ट्रा में अश्लील डांस के दौरान एसडीएम का वीडियो हुआ वायरल।
💥 कलेक्टर ने एसडीएम को उनके पद से हटाकर कलेक्ट्रेट में किया अटैच।
💥 ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी हुए लाइन अटैच।
💥 आयोजकों पर एफआईआर दर्ज, तीन लोगों की हुई गिरफ्तारी।
तहतक न्यूज/ गरियाबंद, छत्तीसगढ़। नये साल के आगमन पर लोग तरह-तरह की खुशियाँ मनाते हैं। सैर-सपाटा, पिकनिक, डिनर पार्टी आदि अनेक कार्यक्रम आयोजित कर नववर्ष का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि पूरा साल इसी तरह खुशियों में गुजरे। इसी कड़ी में जिले के मैनपुर में ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था, लेकिन रंग में भंग पड़ गया। जी हाँ, इस ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम में अश्लील डांस के दौरान एसडीएम तुलसी दास मरकाम का मस्ती भरा वीडियो वायरल हुआ है, जिससे शासन-प्रशासन की किरकिरी हो रही है।
दरअसल, देवभोग थाना क्षेत्र के उरमाल में आयोजित एक आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में ओडिशा से बार डांसर्स बुलाई गई थीं। 9 जनवरी की रात को कार्यक्रम के दौरान डांसर्स ने अश्लीलता की हदें पार कर दीं, जबकि वहां मौजूद एसडीएम तुलसी दास मरकाम मंच के पास बैठकर न केवल डांस का आनंद ले रहे थे, बल्कि अपने मोबाइल से वीडियो बना रहे थे और उन पर पैसे भी लुटा रहे थे।
बता दें कि वीडियो वायरल होने के बाद गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने एसडीएम तुलसी दास मरकाम को उनके पद से हटाकर कलेक्ट्रेट में अटैच कर दिया है। एसडीएम के खिलाफ एक आधिकारिक जांच समिति का गठन किया गया है और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वहीं ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को भी अनुशासनहीनता के चलते लाइन अटैच किया गया है।
पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजकों में देवेंद्र राजपूत, गोविंद देवांगन, नरेंद्र साहू और हसन डाडा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 (3)(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। एसडीएम ने अपनी सफाई में दावा किया कि वे कार्यक्रम को बंद कराने की मंशा से वहां गए थे, हालांकि वायरल वीडियो में उनकी गतिविधियां ठीक इसके विपरीत दिखाई दे रही हैं।
इस घटना को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है और सोशल मीडिया पर प्रशासन की काफी आलोचना हो रही है।
