
तहतक न्यूज/कोरबा,छत्तीसगढ़।
आज के विज्ञान युग में इंसान भले ही अंतरिक्ष में चहलकदमी कर रहा है, लेकिन लोग अभी भी अंधविश्वास के मायाजाल से उबर नहीं पाये हैं। ऐसे ही लालच और तंत्रमन्त्र के चक्कर में पड़ कर तीन लोग अपनी जान से हाथ धो बैठे। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर का मामला सामने आया है, जहां एक स्क्रैप कारोबारी सहित तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि यह घटना तंत्र-मंत्र के दौरान पैसे दोगुने करने के लालच में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्क्रैप व्यवसाय से जुड़े अशरफ मेमन समेत तीन व्यक्तियों के शव बरबसपुर स्थित उनके फार्महाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। बताया जा रहा है कि तीनों बीती रात फार्म हाउस में एक बैगा के साथ तांत्रिक क्रिया करा रहे थे, इसी दौरान उनकी मौत हो गई। मृतकों में स्क्रैप कारोबारी अशरफ मेमन, कोरबा का एक स्थानीय युवक और बिलासपुर का एक युवक शामिल है। तांत्रिक क्रिया करने वाले बिलासपुर निवासी तांत्रिक राजेन्द्र कुमार ने दावा किया था कि यदि वह 5 लाख रुपये प्राप्त कर ले, तो तांत्रिक ताकतों से तीनों को 2.5 करोड़ रुपये दिला सकता है। इसी लालच में आकर तीनों ने रात में तंत्र-पूजा करवाई।
घटना के दौरान बैगा ने तांत्रिक प्रक्रिया के बहाने एक-एक कर तीनों को कमरे के अंदर बुलाया। उनके साथी अश्विनी कुर्रे ने बताया कि बैगा कमरे में तंत्र-मंत्र कर रहा था और प्रत्येक व्यक्ति को अंदर जाने पर नींबू देते हुए दरवाजा बंद कर देता था। आधे घंटे बाद जब कमरे को खोला गया, तो तीनों मृत पाए गए। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस को आशंका है कि तीनों की मौत जहर खुरानी या किसी अन्य खतरनाक पदार्थ के सेवन से हुई होगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तांत्रिक राजेन्द्र कुमार और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। वहीं मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
