स्कूल के नाम परिवर्तन प्रक्रिया में अटकी अंकसूचियाँ, प्रवेश लेने में छात्रों को हो रही परेशानियाँ

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़।
जिले के पी.एम. श्री शासकीय नटवर इंग्लिश मीडियम स्कूल के 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों की अंकसूचियां स्कूल के नाम परिवर्तन की प्रक्रिया में अटक गई हैं, जिससे उच्च शिक्षा के लिए छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय एवं सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी में प्रवेश लेने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के जिला सचिव गौरव साव ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर के सचिव को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

गौरव साव ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह स्कूल पहले स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट योजना के तहत शासकीय नटवर इंग्लिश मीडियम स्कूल नाम से संचालित था। वर्तमान में स्कूल का नाम बदलकर पी.एम. श्री शासकीय नटवर इंग्लिश मीडियम स्कूल के नाम से संचालित है। मंडल द्वारा 2024-25 सत्र की अंकसूचियों को स्कूल के पुराने नाम "स्वामी आत्मानंद नटवर इंग्लिश मीडियम स्कूल" से जारी कर दी गई है, जिन्हें विद्यालय द्वारा शिक्षा मंडल को वापस कर दिया गया है, किन्तु शिक्षा मण्डल द्वारा अब तक नए नाम से अंकसूचियां जारी नहीं की गई हैं। परिणाम स्वरुप छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए महाविद्यालय एवं सेंट्रल यूनिवर्सिटी में प्रवेश लेने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस विलम्ब से छात्रों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने मंडल सचिव से अपील किया है कि जल्द से जल्द पी.एम. श्री शासकीय नटवर इंग्लिश मीडियम स्कूल रायगढ़ के नाम से अंकसूचियां जारी की जाएं, ताकि छात्र उच्च शिक्षा और अन्य प्रक्रियाओं के लिए समय पर आवेदन कर सकें। छात्र संगठन का कहना है कि प्रशासनिक औपचारिकताओं के कारण छात्रों को परेशान करना उचित नहीं है और मंडल को इसे प्राथमिकता से निपटाना चाहिए।

एक तरफ छत्तीसगढ़ शासन शिक्षा को लेकर जितनी गंभीर है, उच्च शिक्षा के लिए रायगढ़ सहित पूरे प्रदेश में नालंदा परिसर जैसे महत्वपूर्ण सुविधाओं पर करोड़ों खर्च कर रही है वहीं दूसरी तरफ शिक्षा मंडल की उदासीनता से शासन के मंसूबे पर पानी फिरता नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *