खरसिया-छाल के बीच हुई लूट की वारदात, ट्रेलर लूटने वाले कार सवार चार आरोपी गिरफ्तार

तहतक न्यूज /रायगढ़, छत्तीसगढ़।
रायगढ़ जिले में आये दिन आपराधिक गतिविधियाँ देखने को मिल रही हैं। हत्या, मारपीट, बलात्कार, धमकियाँ, गैंगवार, लूटपाट, ठगी, आत्महत्या, धोखाधड़ी जैसे मामले न्यूज चैनलों, न्यूज पोर्टलों और समाचार पत्रों की सुर्खियां बन रही हैं। असामाजिक तत्व जहाँ नित नये अंदाज में अपराधों को अंजाम दे रहे हैं तो वहीं कुछ आम लोग भी नशे और आवेश में अनचाहे वारदातों को बेखौफ जन्म दे रहे हैं। कानून और सजा की परवाह किसी को नहीं है। जिसे देखो वही शेर को सवा शेर तो क्या? अपने आपको ढाई शेर से कम नहीं समझ रहा है। जो आम जनता है, आज के माहौल को देख डरी हुई है! सहमी हुई है। लगातार हो रहे अवांछनीय घटनाओं में एक बार फिर मारपीट और लूट की घटना सामने आयी है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राबर्टसन रेल्वे साईडिंग में कोयला खाली कर वापस लौट रहे ट्रेलर (सीजी 13 ए एक्स 3899) को स्विफ्ट कार (सीजी 13 यू 0557) में आये चार बदमाशों (छाल निवासी स्वयं स्वर्णकार, दीपक ग्वालवंशी, युग शर्मा एवं धनराज पटेल) ने रोक कर चालक सरफराज खान के साथ मारपीट करते हुए 2600 रूपये तथा वाहन लूट कर फरार हो गये। वाहन के चालक ने तत्काल 112 वाहन को डायल कर घटना की सूचना दी जिस पर डायल 112 वाहन केे पुलिस कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही दूरी पर भालूनारा कोल्ड स्टोरेज के पास खड़ी ट्रेलर को पकड़ लिया और वहीं मौजूद चारों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। लूट की यह घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है।



फिलहाल आरोपी कानून के शिकंजे में हैं, किन्तु लूट की इस घटना से देर रात चलने वाले ट्रक चालकों और क्षेत्र वासियों में रोष और दहशत का माहौल है। पुलिस महकमा मुस्तैद है, अपराधी कितना भी शातिर और चालाक क्यों न हो, पुलिस के हाथ उसके गिरेबान तक पहुँच ही रहे हैं, लेकिन विडंबना ये है कि पुलिस के रिकार्ड में अपराधों का ग्राफ नीचे उतरने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है, आखिर क्यों बढ़ रहा है? यह एक यक्ष प्रश्न बन कर रह गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *