करोड़ों का आसामी ठेकेदार सुरेश चंद्राकर के गर्दन तक पहुँचे कानून के लम्बे हाथ, हैदराबाद से हुआ गिरफ्तार

तहतक न्यूज/बीजापुर।
बहुचर्चित पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्याकांड केस में एसआईटी ने मुख्य आरोपी सुरेश चंद्राकर को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। यह वही 500 करोड़ का आसामी कहा जाने वाला, लगभग सभी पुलिस नई पुलिस चौकियों, नए पुलिस कैंपों का ठेकेदार, बड़ा सड़क ठेकेदार और पत्रकार साथी मुकेश चंद्राकर का मुख्य आरोपी हत्यारा है। जन चर्चा है कि इसी के कहने पर इसके भाइयों और आपराधिक रिकॉर्ड वाले मैनेजर ने मुकेश की नृशंस हत्या की। रोड के मामले में भ्रष्टाचार उजागर होने पर इसने ही मुकेश को निर्ममता से मारने को कहा था। मुकेश की जो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई है, उसमें उसके लीवर 4 टुकड़ों में मिले हैं। 5 पसलियां टूटीं, सिर पर 15 फ्रैक्चर हैं। हार्ट फटा हुआ और गर्दन टूटी हुई मिली है। उसकी एक कॉलर बोन भी बुरी तरह टूटी है। निर्दयता पूर्वक की गई हत्या के बारे में पीएम करने वाले डॉक्टरों ने भी कहा है कि उन्होंने अपने कॅरियर में इतनी बुरी स्थिति में कोई शव नहीं देखा था। मुकेश की हत्या करने आरोपियों ने पहले पीछे से वार किया और जब वह गिर गया तो उस पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे पलभर में ही उसकी मौत हो गई। उसके शरीर का ऐसा कोई भी हिस्सा नहीं छूटा था, जहां आरोपियों ने चोट न पहुंचाई हो। उसकी बाईं कलाई पर चोट के निशान मिले हैं। संभवतः बचाव के दौरान उसे यह चोट लगी हो।
उल्लेखनीय है कि पत्रकार मुकेश चंद्राकर हत्या मामले में अब मुख्य आरोपी सहित चार की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पूर्व पुलिस ने तीन संदेहियों को पकड़ा था जिसमें रीतेश चंद्राकर रायपुर एयरपोर्ट से पकड़ा गया था वहीं अन्य आरोपी सुपरवाइजर महेन्द्र रामटेके व दिनेश चंद्राकर को बीजापुर से गिरफ्तार किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *