रायगढ़ शहर में सुशासन तिहार के प्रथम चरण के दूसरे दिन प्राप्त हुए 300 आवेदन

तहतक न्यूज /रायगढ़।
सुशासन तिहार 2025 का प्रथम चरण 8 अप्रैल से शुरू हो चुका है जोकि 11 अप्रैल तक जारी रहेगा। शहर में निगम कार्यालय सहित अलग-अलग 8 स्थानों पर आवेदन लेने शिविर लगाये हैं। शहर के 48 वार्डों के लिए शिविर के दूसरे दिन 300 आवेदन प्राप्त हुए हैं।


सुशासन तिहार के आज दूसरे दिवस नगर निगम कार्यालय में 1 से 48 वार्डों के नागरिकों से आवेदन लिया गया, जहां 91 नागरिकों एवं हितग्राहियों ने आवेदन किया। राजीव नगर सामुदायिक भवन में वार्ड क्रमांक 01, 02, 03, 04, 39 एवं 40 के शिविर में 03 आवेदन, केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड मंगल भवन में वार्ड क्रमांक 6, 7, 8, 9, 10, 11, 12, 13 एवं 20 के शिविर में 23 आवेदन, गौशाला पारा सामुदायिक भवन में वार्ड क्रमांक 05, 14, 15, 16, 17, 18, 19 एवं 46 के शिविर में 17 आवेदन, रायगढ़ स्टेडियम में वार्ड क्रमांक 21, 22, 23, 24, 47 एवं 48 के शिविर में 09, निगम ऑडिटोरियम पंजरी प्लांट में वार्ड क्रमांक 25, 26, 27, 28 एवं 29 के शिविर में 09 आवेदन, कबीर चौक मंगल भवन में वार्ड क्रमांक 30, 31, 32, 33, 34, 35 एवं 41के शिविर में 23, सोनूमुड़ा स्थित सामुदायिक भवन में वार्ड क्रमांक 36, 37, 38 एवं 42 के शिविर में 126 एवं आशा द होप पतरापाली सामुदायिक भवन में वार्ड क्रमांक 43, 44, 45 के शिविर में 04 आवेदन प्राप्त हुए।

इस प्रकार कुल 300 आवेदन सभी 09 शिविरों में प्राप्त किए गए। इसमें मांग के 288 एवं शिकायत के 10 आवेदन मिले जिसमें ज्यादातर राशनकार्ड, आवास, शौचालय, सड़क, नाली, गरीबी रेखा कार्ड बनाने संबंधित मांग के आवेदन प्राप्त हुए। इसी तरह स्ट्रीट लाइट बंद, नाली सफाई, अतिक्रमण, अवैध नॉनवेज बिक्री आदि के शिकायत आवेदन मिले। सभी आवेदनों को संबंधित विभाग प्रमुख को प्रेषित करने का कार्य जारी है। आवेदन प्राप्त करने प्रथम चरण के शिविर का 11 अप्रैल दिन गुरुवार को आखिरी दिन होगा। इसमें सभी शिविर में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे।



निगम प्रशासन द्वारा शहर के सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में संबंधित वार्ड के शिविर पर पहुंच कर आवेदन करने और सुशासन तिहार में भागीदारी निभाने की अपील की गई है।


बहरहाल जरूरतमंद हितग्राही शिविरों में अपना आवेदन जमा कर रहे हैं, लेकिन उनके मन में यह भी सवाल उठ रहे हैं कि उनकी मांगों और शिकायतों पर क्या कुछ कार्रवाई होती है या फिर कहीं यह एक औपचारिकता मात्र तो नहीं रह जायेगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *