थाना पूँजीपथरा में कोटवारों की हुई विशेष बैठक

तहतक न्यूज/पूँजीपथरा।
रायगढ़ पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा निर्देशन पर 11 जनवरी 2025 को थाना पूंजीपथरा में कोटवारों की विशेष बैठक आयोजित की गई। इस कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने किया। उन्होंने ग्राम कोटवारों को गांव की सुरक्षा में उनकी अहम भूमिका का महत्व समझाया और निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्र में आने-जाने वाले प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखें और समय पर पुलिस को सूचित करें। थाना प्रभारी द्वारा कोटवारो को आगामी पंचायत चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिया गया ।

बैठक में थाना प्रभारी ने कोटवारों को जिले में चल रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की जानकारी दी। उन्होंने यातायात नियमों के महत्व पर जोर देते हुए कोटवारों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के संदेश को आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर चस्पा करने हेतु सड़क सुरक्षा पोस्टर भी वितरित किए गए।

इस विशेष बैठक के दौरान, ग्राम के गुड सेमेरिटन, मेधावी छात्रों, स्वास्थ्यकर्मियों और शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने समाज में इन व्यक्तियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य न केवल समाज को प्रेरित करते हैं, बल्कि पुलिस और नागरिकों के बीच संबंधों को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने कोटवारों को पुलिस के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने और गांव की हर गतिविधि पर नजर रखने का आह्वान किया। बैठक में स. उ. नि. विजय एक्का, जयराम सिदार सहित थाना के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

बात तह तक की करें तो इस महत्वपूर्ण आयोजन ने कोटवारों और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों के प्रति न केवल सम्मान व्यक्त किया, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर सहयोग का संदेश भी दिया। इस क्षेत्र के ग्रामीणों के बीच बेहद लोकप्रिय और मृदुभाषी थाना प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम से जहाँ ग्राम कोटवारों में एक नई ऊर्जा और उत्साह का माहौल नजर आया तो वहीं उपस्थित अन्य नागरिकों और विद्यार्थियों ने भी पुलिस के प्रति विश्वास और आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *