वार्ड नं. 06 के लिए पार्षद पद हेतु अंजु सिंह ने पेश की दावेदारी

💥धर्म-जाति-क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर 'सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय' का लिया संकल्प

तहतक न्यूज/रायगढ़।
नगरीय निकाय चुनाव को लेकर निगम के सभी वार्डों में पार्षद पद की दावेदारी का श्रीगणेश हो चुका है और नगर के हर चौक-चौराहों, चाय की दुकानों और पान ठेलों पर केवल चुनावी चर्चाएं चल रही हैं। इसी तारतम्य में 06 नंबर वार्ड की पार्षद पद की दावेदारी प्रस्तुत करते हुए अंजु सिंह ने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत दिनदयाल अपार्टमेंट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कॉलोनीवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और क्षेत्रीय विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। अंजु सिंह ने कहा कि उनकी राजनीति का उद्देश्य केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के कल्याण के लिए कार्य करना है।

उन्होंने जनता के बीच यह स्पष्ट किया कि उनका अभियान धर्म, जाति, और क्षेत्रवाद जैसे संकीर्ण मुद्दों से ऊपर उठकर "सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय" के मंत्र को लेकर चल रहा है। अंजु सिंह ने कहा, "मैं हर वर्ग, हर धर्म और हर समुदाय को साथ लेकर चलने में विश्वास करती हूं। मेरी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि इस वार्ड का विकास समान रूप से हो और कोई भी व्यक्ति खुद को उपेक्षित महसूस न करे।"

दिनदयाल अपार्टमेंट के निवासियों से बातचीत करते हुए अंजु सिंह ने क्षेत्र में सड़क, जल निकासी, स्वच्छता, और सुरक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों के समाधान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने यह भी वादा किया कि पार्षद चुने जाने पर युवाओं को रोजगार के अवसर और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए विशेष योजनाएं लागू करेंगी।

स्थानीय निवासियों ने अंजु सिंह के विचारों और कार्ययोजना का समर्थन किया और उनकी दावेदारी को सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने जनता से समर्थन और आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल एक पद के लिए नहीं, बल्कि हर नागरिक की सेवा और इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के संकल्प का हिस्सा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *