खबर का असर, हरकत में आया औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग

💥जिला कलेक्टर ने जारी किये कड़ी कार्यवाई के निर्देश।

💥एमएसपी पहुँची औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम, रोलिंग मिल की जाँच में पाई गयीं खामियाँ।

💥एमएसपी का रोलिंग मिल के संचालन पर लगा प्रतिबन्ध।

तहतक न्यूज/रायगढ़।
जिले के उद्योगों में हो रहे लगातार हादसों और
सम्बंधित विभाग के उदासीन रवैये को लेकर तहतक न्यूज ने बीते 20 दिसम्बर को "उद्योगों में नहीं थम रहा हादसों का सिलसिला.." शीर्षक के नाम से प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए ध्यानाकर्षित किया था जिसे स्वतः संज्ञान में लेते हुए रायगढ़ कलेक्टर कार्तिकेय गोयल ने उद्योगों में श्रमिकों की सुरक्षा में हो रही लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं।


आपको बता दें कि पिछले दिनों रायगढ़ के जामगांव स्थित मेसर्स एमएसपी स्टील एंड पावर लिमिटेड में कार्य के दौरान गर्म छड़ के ऊपर गिर जाने से एक फीटर की दर्दनाक मौत हो गयी थी। रायगढ़ कलेक्टर के निर्देश पर उक्त दुर्घटना के सम्बन्ध में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग द्वारा प्लांट की जांच की गई, जिसमें मजदूरों की सुरक्षा से सम्बंधित व्यवस्था में कमियाँ पाए जाने पर श्रमिकों के सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कारखाने के रोलिंग मिल में निर्माण प्रक्रिया को प्रतिबंधित कर दिया गया है।

घटना क्रमों की हकीकत की तहकीकात में तह तक की चर्चा करें तो जो सच्चाई सामने आ रही है उससे यही प्रतीत होता है कि उद्योगों में कामगारों की स्थिति बेहद गंभीर है। जिले में स्थापित ऐसे कई छोटे-बड़े संयन्त्र हैं जहाँ श्रमिकों के सुरक्षा इंतजामों को ताक पर रख मजदूरों से काम लिया जा रहा है। कोई विरोध करे तो उसे हटा दिया जाता है जिसके डर से गरीबी और बेरोजगारी की मार झेल रहा इंसान काम करने को मजबूर हो जाता है और कीड़े-मकोड़ों की मौत मारा जाता है। औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग सहित अन्य विभाग भी नियमित रूप से अपने-अपने कर्त्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें तो निश्चित ही बढ़ते दुर्घनाओं पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *