लॉ कॉलेज में "रायगढ़ एक खोज" पर आधारित ऑनलाइन ओपन बुक प्रतियोगिता की दी गयी जानकारी

तहतक न्यूज/रायगढ़।
रायगढ़ जिले के इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर को गहराई से समझने के उद्देश्य से एक अनूठी ऑनलाइन ओपन बुक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता प्रसिद्ध पुस्तक ’’रायगढ़ एक खोज’’ पर आधारित है, जो रायगढ़ की ऐतिहासिक धरोहरों को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत करती है। इस प्रतियोगिता के आयोजन की जानकारी "रायगढ़ एक खोज" पुस्तक के लेखक भानु प्रताप मिश्र द्वारा स्वामी बालकृष्ण पुरी विधि महाविद्यालय के विद्यार्थियों के समक्ष साझा की गई।

प्रतियोगिता के लिए पंजीयन 10 नवंबर से शुरू हो गया है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इतिहास के साथ जोड़ते हुए उनकी बौद्धिक क्षमता को विकसित करना है। प्रतिभागी पुस्तक का उपयोग करते हुए प्रश्नों के उत्तर दे सकते हैं, जिससे उन्हें रायगढ़ की ऐतिहासिक परंपराओं और धरोहरों के बारे में गहन जानकारी प्राप्त हो।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल रायगढ़ के इतिहास को विद्यार्थियों के बीच प्रचारित करना है, बल्कि उनमें शोध और विश्लेषण की आदत भी विकसित करनी है। यह प्रतियोगिता सभी के लिए एक प्रेरणादायक पहल है, जो उन्हें अतीत की धरोहरों से जोड़कर वर्तमान और भविष्य में नई दृष्टि प्रदान करेगी।

इस अनूठी प्रतियोगिता के तह तक की बात करें तो निश्चित ही यह एक सराहनीय और आवश्यक कदम है। आज आधुनिकता के दौर में हम अपने प्राचीन परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों से विमुख होते जा रहे हैं ऐसे समय में यह प्रयास न केवल इस ओर ध्यानाकर्षित करेगा अपितु क्षीण होते जा रहे पुरातन धरोहरों के अस्तित्व को सुरक्षित रखने की कोशिश भी होगी।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. डी. के. मिश्रा, प्राध्यापक मनीष कुमार सहित विशाल तिवारी, एस.के. राउत, रेणु गुप्ता, शिवानी पटनायक, मीता पाण्डेय, प्रज्ञा सिंह एवं एल.एल.बी और एल.एल.एम. के छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *