एनआर और माँ काली एलायज के विस्तार की जनसुनवाई से ग्रामीणों के माथे बढ़ी चिंता की लकीरें…करेंगे जमकर विरोध..?

तहतक न्यूज/शनिवार/19अक्टूबर 2024/गेरवानी।
जिला मुख्यालय से चंद कोस दूर ग्राम पंचायत गेरवानी क्षेत्र के निवासियों में प्रदूषण को लेकर इन दिनों कुछ ज्यादा ही दहशत और आक्रोश का माहौल देखने को मिल रहा है। वर्तमान समय में यहाँ का पर्यावरण बुरी तरह से प्रभावित है। यहाँ निवासरत ग्रामीणों की मानें तो दिन में जो भी प्रदूषण हो रहा है वो तो हो रहा है,उससे कहीं ज्यादा रात के अँधेरे में फ्लाई ऐश चिमनियों द्वारा धड़ल्ले से छोड़ा जा रहा है जिससे साँस लेना मुश्किल हो जाता है। उल्लेखनीय है कि आने-वाले 23 और 24 अक्टूबर को एन. आर. कंपनी और माँ काली एलायज के विस्तार के लिए जनसुनवाई होनी है जिसको लेकर लोग सकते में हैं। स्वाभाविक है कि क्षेत्र में प्रदूषण और बढ़ेगा।

त्वचा, स्वांस और नेत्र सम्बन्धी गंभीर बीमारियाँ बढ़ेंगीं। आपराधिक घटनाएं व सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि होगी जिसको लेकर आसपास के कई गाँव जैसे लाखा, चिराईपानी, गेरवानी, पाली, देलारी, गौरमुड़ी, सराईपाली, शिवपुरी आदि के निवासी बेहद आक्रोशित हैं। महिलाएं और बुजुर्ग नहीं चाहते कि यहाँ उद्योगों का और विस्तार हो। गाँव के गली-मोहल्लों में जनसुनवाई के विरोध की चर्चा धीरे-धीरे गर्म होती जा रही है और लोगों में तनाव बढ़ता जा रहा है। उद्योगों के स्थापना और विस्तार से बढ़ने वाली समस्याओं को लेकर जन प्रतिनिधियों और आम ग्रामीणों की बैठकें लगातार जारी हैं वहीं उद्योग प्रतिनिधि भी अपनी जनसुनवाई की सफलता हेतु एड़ी चोटी एक कर दिन-रात लगे हुए हैं तथा स्थानीय प्रशासन भी शांति बनाये रखने अलर्ट मोड पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *