रायगढ़ आर्थो एंड जनरल हॉस्पिटल में शुगर और कोलेस्ट्रोल की एक दिवसीय निःशुल्क जांच।

तहतक न्यूज/मंगलवार/15अक्टूबर 2024/रायगढ़।
शहर के कार्मेल स्कूल के समीप रायगढ़ आर्थो एण्ड जनरल हॉस्पिटल में आगामी 20 अक्टूबर दिन रविवार को शुगर और कोलेस्ट्रोल की निःशुल्क जांच की जाएगी।
आपको बता दें कि वर्तमान समय में आधुनिक खान-पान से शुगर, रक्तचाप जैसी कई बीमारियाँ बढ़ रही हैं जिसमें मधुमेह की शिकायतें ज्यादा देखने को मिल रही है। समय पर जाँच नहीं करवाने से लोग शुगर की चपेट में आ जाते हैं और उन्हें पता ही नहीं चलता। ऐसे में वक्त रहते जाँच करवा लेने से समय पर उपचार किया जा सकता है। इन्हीं सब बातों को लेकर शहर के जाने-माने कुशल व अनुभवी चिकित्सक डॉ. राजू अग्रवाल के आर्थो एंड जनरल हॉस्पिटल में आम नागरिकों की सुविधा के लिए 20 अक्टूबर रविवार को कोलेस्ट्रोल और शुगर की निःशुल्क जाँच की जाएगी।


मधुमेह के सम्बन्ध में डॉ. मल्लिका अग्रवाल ने मधुमेह बीमारी के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि हम जो भी खाना खाते हैं वह अंदर जाकर टूटता है और उसमे मौजूद ग्लूकोज यानी शुगर निकलना शुरू होता है।दूसरी तरफ पैक्रियाज एक तरह का हार्मोन इन्सुलिन छोड़ता है। इन्सुलिन के कारण ग्लूकोज ब्लड के माध्यम से पूरे शरीर में जाता है और ऊर्जा का संचार होता है। यह बिना इन्सुलिन के नहीं हो सकता है वहीं जब पैक्रियाज़ से उचित मात्रा में एक्टिव इन्सुलिन न निकले तो इसकी वजह से ब्लड में ग्लूकोज का लेवल बढ़ने लगता है और फिर इसी स्थिति को मधुमेह ,डायबिटीज या शुगर कहा जाता है। आज के समय में मधुमेह होना कोई बड़ी बात नहीं है।मधुमेह या डायबिटीज एक ऐसी बीमारी या स्थिति है, जो किसी व्यक्ति को एक बार हो जाय तो जीवनभर बनी रहती है। पहले यह बीमारी सिर्फ ज्यादा उम्र के लोगों को ही होती थी लेकिन अब युवा और बच्चे दोनों इसकी चपेट में आ रहे हैं। यह एक मेटाबॉलिक डिसॉर्डर है,जिसमें शरीर के ब्लड में मौजूदा ग्लूकोज या शुगर का लेवल बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। यदि शरीर में पर्याप्त इन्सुलिन मौजूद नहीं होता है तो ब्लड कोशिकाओं तक ग्लूकोज नहीं पहुंच पाता है और यह ब्लड में ही इकट्ठा हो जाता है। ब्लड में मौजूद अतिरिक्त शुगर आपके लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। आगे उन्होंने बताया कि कोलेस्ट्रोल की जाँच से दिल का दौरा या स्ट्रोक जैसी हृदय रोगों का पता चलता है। रक्त में वसा का स्तर कितना है यदि कोलेस्ट्रोल ज्यादा है तो कम करने के लिए कदम उठाये जा सकते हैं इससे भविष्य में हृदय सम्बन्धी समस्याओं का खतरा कम हो सकता है।


कोलेस्ट्रोल की जाँच में कितनी बार जाँच करानी है यह उम्र और हृदय रोग के जोखिम के कारकों पर निर्भर करता है। पुरुषों को 35 साल के उम्र तक तथा महिलाओं को 45 साल की आयु तक अपना पहला कोलेस्ट्रोल टेस्ट करा ही लेना चाहिए। जिनके परिवार में कोलेस्ट्रोल का इतिहास है उन्हें ज्यादा बार जाँच करानी चाहिए, अगर कोलेस्ट्रोल 300 या ज्यादा है तो यह हॉर्ट अटैक का संकेत हो सकता है।
डॉ. मल्लिका ने अपील करते हुए कहा कि हमारे अस्पताल की ओर से किये जा रहे डायबिटीज और कोलेस्ट्रोल की निःशुल्क जाँच में ज्यादा से ज्यादा संख्या में आ कर इसका लाभ उठायें और भविष्य में होने वाले गंभीर बीमारियों के खतरे से बचें और स्वस्थ रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *