
तहतक न्यूज/रायगढ़ – पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज रामदास द्रौपदी फाउंडेशन द्वारा आयोजित वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान को तीन महीने तक चलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें रायगढ़ व आसपास के क्षेत्रों में पाँच से आठ फीट के लगभग पचास हजार पौधे लगाये जायेंगे।

इस अवसर पर श्रीमती द्रौपदी देवी और सुनील रामदास ने अभियान की शुरुआत करते हुए रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसका उद्देश्य पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना है, जिससे कि समाज का रूझान पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़े और आने वाले ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्या से निजात पाया जा सके।

कार्यक्रम में लायंस क्लब रायगढ़ मिड टाउन के सदस्य व पदाधिकारी उपस्थित रहे। रामदास द्रौपदी फाउंडेशन के चेयरमेन सुनील रामदास ने इस अवसर पर कहा कि हमारा उद्देश्य पर्यावरण को संरक्षित करना और अगली पीढ़ी के लिए एक हरित भविष्य सुनिश्चित करना है। हम रायगढ़ के सभी समजसेवी संगठनों और लोगों से आग्रह करते हैं कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अधिक से अधिक पौधे लगाएं। आगे उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत अगले तीन महीनों में रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों 5 फुट से आठ फुट के पचास हजार पौधे लगाए जाएंगे। इससे न केवल पर्यावरण को लाभ होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर वन आधारित जीवन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों द्वारा वृक्षारोपण किया गया और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपने योगदान हेतु संकल्प लिया गया। आज 1 जुलाई से रामदास द्रौपदी फाउंडेशन द्वारा चलाया जाने वाला पर्यावरण संरक्षण रथ जिले के विभिन्न गांवों और नगरों में घूम कर लोगों को जागरूक करने व उन्हें पौधे उपलब्ध कराने का कार्य करेगा।

रामदास द्रौपदी फाउंडेशन द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किया जा रहा यह पुनीत प्रयास निश्चित ही एक सराहनीय कार्य है। जिले में और भी कई सामाजिक संगठन, समूह व संस्थाएं हैं जो बारिश के मौसम में इसी तरह वृहद वृक्षारोपण कर तपती धरती को हरियाली की चादर ओढ़ाने का कार्य करें तो पर्यावरण संतुलन को और मजबूती मिलेगी।
