
तहतक न्यूज/कटाईपाली सी। एक वो भी दिन थे जब ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालय होते हुए भी बालिकाओं को शिक्षा से दूर रखा जाता था परन्तु आज की स्थिति में माहौल इसके एकदम विपरीत है। आम जनमानस के मन में शिक्षा के प्रति जो जागरूकता बढ़ी है उसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहा है। आलम यह है कि अब तो लड़कियाँ शिक्षा के क्षेत्र में लड़कों से कहीं दो कदम आगे निकल रहीं हैं और अपने माता-पिता के साथ-साथ देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहीं हैं। रायगढ़ जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र धरमजयगढ़ विधानसभा के ग्राम कटाईपाली सी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से बीस बालिकाएं शैक्षणिक भ्रमण हेतु हरियाणा जा रहीं हैं। संस्थान के प्रभारी प्राचार्य राजीव गुप्ता ने विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए कहा कि हरियाणा के राजकीय कन्या विद्यालय गंधारा रोहतक में बालिकाओं के लिए व्यक्तित्व विकास शिविर आयोजित किया गया है जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की बालिकाएं सम्मिलित होंगी। उनके आयोजकों ने शिविर में भाग लेने के लिए हमें संपर्क किया और हमारी बालिकाऐं भी तैयार हो गईं। शिविर के अलावा हम इन बालिकाओं को दिल्ली के समाज सेवी संस्थाओं द्वारा संचालित शैक्षणिक संस्थानों से संपर्क कर वहां भी भ्रमण कराएंगे ताकि बच्चे अपने आगे की योजना के विषय में जानकारी प्राप्त कर सकें।
आगे उन्होंने बताया कि इस भ्रमण को लेकर हमारे बच्चे बहुत उत्साहित हैं। इन बच्चों का नेतृत्व हमारे विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका गीता ठाकुर कर रही हैं जिनके साथ पूरे समय एक सप्ताह तक उस विद्यालय में रह कर उनका मार्गदर्शन करेंगी। भ्रमण के लिए हमारे शिक्षा विभाग के विकासखंड एवम जिला के आला अधिकारियों का सहयोग और उत्साहवर्धन हमें प्रेरित करता है जिसके परिणाम स्वरूप ही यह कार्यक्रम बन पाता है। बच्चों के अभिभावकों से भरपूर सहयोग और विद्यालय स्टॉफ के प्रयास से ही यह कार्य सफल होने जा रहा है।