देर रात शराब दुकान में पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग, सुरक्षा गार्ड घायल


💥 पूंजीपथरा पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर शुरू की आरोपी की तलाश।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। 17 अगस्त 2026 की रात्रि शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान गेरवानी में पिस्टलनुमा हथियार से फायरिंग कर प्रायवेट गार्ड को घायल करने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर रात को ही टीआई पूंजीपथरा रामकिंकर यादव, साइबर टीआई विजय चेलक के साथ थाना पूंजीपथरा, थाना साइबर, आबकारी एवं डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायल गार्ड की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 206/2026 में धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
        घटना के संबंध में प्रायवेट गार्ड चन्द्रशेखर पटेल पिता स्व. बीरबल पटेल उम्र 43 वर्ष निवासी ग्राम कलगामुड़ा, उर्दना, जिला रायगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत सुरक्षाकर्मी के पद पर शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान गेरवानी में कार्यरत है। उसने बताया कि दुकान बंद होने के बाद रात में कुछ असामाजिक तत्व अक्सर वहां आकर गाली-गलौज एवं उपद्रव करते हैं, जिन्हें पूर्व में कई बार डांट-फटकार कर भगाया गया है।
        17 अगस्त की रात चन्द्रशेखर की ड्यूटी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक थी। करीब 10:30 बजे शराब दुकान के सामने एक युवक आया और उसके दोस्त के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट करने की बात कहते हुए गंदी-गंदी गालियां देने लगा। युवक ने जान से मारने की धमकी देते हुए अचानक पिस्टलनुमा हथियार निकाला और फायरिंग कर दी। फायरिंग में गोली चन्द्रशेखर पटेल के पेट में लगी, जिसके बाद वह जान बचाने के लिए आहाता के पीछे जाकर छिप गया। घायल गार्ड ने अपने साथियों को घटना की जानकारी देकर डायल 112 को सूचना दी।
        घटना की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस एवं डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज निकाले जा रहे हैं। अज्ञात आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा मुखबिरों को फुटेज साझा कर पतासाजी की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *