तहतक न्यूज/जशपुर,छत्तीसगढ़। इंसान के दिलो-दिमाग पर वहशीपन इस कदर हावी हो गया है कि छोटी-मोटी बातों में भी तैश में आकर हत्या जैसे वारदात को अंजाम दे देता है। ऐसी ही एक घटना में उधार में दिए 200 रूपये वापस मांगने पर उपजे विवाद में एक युवक की जान चली गयी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम फगुआ राम कोरवा (उम्र 30 वर्ष) है, जो कंदराई पाठ (बलादरपाठ) का निवासी था। वह सन्ना में लकड़ी बेचने आया था। फगुआ राम ने आरोपी को पूर्व में ₹200 उधार दिए थे। सोमवार को जब आरोपियों को एक मृत बछड़े को दफनाने के बदले कुछ पैसे मिले, तो पंचायत भवन के पास फगुआ ने अपने ₹200 वापस मांगे। इसी बात को लेकर शराब के नशे में विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान आरोपी पिता-पुत्र ने मिलकर फगुआ राम पर लकड़ी के बहिंगा और भारी पत्थरों से सिर पर कई वार किए, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचनामिलने पर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों पिता फगुआ राम कोरवा (50 वर्ष) और उसके बेटे बृजनाथ राम कोरवा (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल सामान भी जब्त कर लिया गया है। यह पूरी वारदात सन्ना ग्राम पंचायत भवन के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया है।


