भवन निर्माण के लिए भड़की जब महिलाएँ तो अड़ियल चन्द्रहासिनी प्लांट ने टेक दिए घुटने, तत्काल गिरवाए गिट्टी, रेत और सीमेंट


तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। चन्द्रहासिनी प्लांट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कंपनी के मुख्य गेट के सामने आज सुबह 7:30 बजे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रायगढ़ ग्रामीण ने सीएसआर फंड से होने वाले विकास कार्यों को बंद कर दिए जाने को लेकर अनिश्चितकालीन धरना व चक्काजाम शुरू कर दिया।
              सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस विधायक की अनुशंसा के बाद भी सीएसआर फंड से होने वाले विकास कार्य प्लांट प्रबंधन ने बीते दो सालों से बंद कर रखा था। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के जनहित के कार्य में यह कंपनी कोई सहयोग नहीं कर रही है जबकि, यह कंपनी दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की कर रही है। कंपनी के अधिकारियों से कोई भी सहयोग की अपेक्षा करे तो सीधे हाथ खड़े कर देते हैं।
               चन्द्रहासिनी प्लांट के मनमानी और तानाशाही रवैये के विरोध में आज ब्लॉक अध्यक्ष रवि यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं और महिला स्व-सहायता समूह की महिलाएं कंपनी के गेट के सामने धरने पर बैठ  गए।
धरने की जानकारी मिलते ही कंपनी के जीएम व डायरेक्टर मौके पर पहुंचे। इस दौरान विधायक के अनुशंसा के बाद भी सीएसआर मद से होने वाले कार्यों के रोक को लेकर कंपनी प्रबंधन और रवि यादव से तीखी बहस हुई।
    

आखिरकार, क्षेत्रीय जनता के सामने प्रबंधन को नतमस्तक होना पड़ा और उनकी मांगें माननी पड़ी। यही नहीं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं के बैठने के लिए सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु मौके पर ही बालू, गिट्टी, सीमेंट गिरवाकर काम शुरू कराया गया तथा 14 अगस्त 2026 तक सीएसआर मद से होने वाले सभी कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया।
          इस आंदोलन में रवि यादव, रमेश भगत, भोजराम भट्ट, अगरमती यादव, मोहरमती सिदार, वीरेंद्र चौहान, गणेश, खेम यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *