अमानत में खयानत करने वाला फरार ट्रक मालिक अंबिकापुर से गिरफ्तार

💥आरोपी ड्रायवर और वाहन मालिक की थी सांठगांठ, चालक ने ट्रक मालिक के गोदाम में उतारा था पाईप।
💥मामले में 7.31 लाख कीमत के 12.500 मैट्रिक टन एम.एस. पाइप की गई थी बरामदगी।

तहतक न्यूज/पूँजीपथरा-रायगढ़, छत्तीसगढ़। “ऑपरेशन तलाश” के तहत थाना पूंजीपथरा पुलिस टीम ने अमानत में खयानत के प्रकरण में पिछले करीब दो वर्षों से फरार ट्रक मालिक गौतम साहू को अम्बिकापुर से गिरफ्तार कर  न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया  है।
         प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संदीप कुमार दुबे, सुपरवाइजर एस.एस. स्टील एंड पावर प्लांट पाली द्वारा 25 जून 2024 को थाना पूंजीपथरा में एक रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसमें 09 जून 2024 को ट्रक क्रमांक CG 15 DD 7119 के माध्यम से 12.500 मैट्रिक टन एम.एस. पाइप (कीमत 7,31,370रूपये) बंसल ट्रेडर्स सूरजपुर भेजा गया था, लेकिन चालक द्वारा माल गंतव्य तक नहीं पहुंचाया गया। संदेह होने पर संपर्क करने पर चालक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया और बाद में माल के गबन की जानकारी मिलने पर पुलिस द्वारा आरोपी चालक अवधेश कुमार मेहता उर्फ उदेश के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गयी।
            जांच के दौरान 04 अगस्त 2024 को आरोपी चालक को अम्बिकापुर से गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने ट्रक मालिक गौतम साहू के निर्देश पर प्लांट से माल लाकर उसके गोदाम में खाली किया था। पुलिस ने उसके मेमोरेंडम के आधार पर सारा माल (एम.एस. पाइप) बरामद कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
       "ऑपरेशन तलाश" में प्रकरण के फरार आरोपी गौतम साहू की गिरफ्तारी हेतु थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव द्वारा मुखबीर लगाकर सरगर्मी से पतासाजी की जा रही थी, जो घटना के बाद फरार हो गया था। लगातार प्रयास और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी गौतम साहू अम्बिकापुर में छिपकर रह रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने चालक के साथ मिलकर माल को अपने गोदाम में रखवाना और घटना में प्रयुक्त ट्रक को बेच देना स्वीकार किया। आरोपी गौतम साहू पिता देव साहू उम्र 29 वर्ष सा० दर्रापारा अम्बिकापुर, थाना मणिपुर जिला सरगुजा को 09 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
         एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन पर इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक उमाशंकर विश्वाल, प्रधान आरक्षक शीतल पाण्डेय एवं आरक्षक विनोद शर्मा की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *