ऐतिहासिक होगी रायगढ़ की भव्य शोभायात्रा, 60 से अधिक समाज और संस्था की निकलेगी आकर्षक झाँकियां

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। नवरात्रि के अंतिम दिन कल चैत्र शुक्लपक्ष नवमी को श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर रायगढ़ शहर एक नया इतिहास रचेगा। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी सर्व हिन्दू समाज से जुड़े लोगों ने प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव की खुशी में कला और संस्कार धानी नगरी को राममय बनाने की तैयारी कर ली है। रामनवमी की संध्या 60 से अधिक समाज और संस्था से जुड़े लोग झांकी निकालते हुए जहाँ अपनी अखण्ड सामाजिक एकता और बंधुत्वा का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे वहीं छत्तीसगढ़ सहित देश के अन्य प्रांतों से भी आमंत्रित कलाकारों का जत्था रामनवमी शोभायात्रा की गौरव बढ़ाएंगे।
       शहर के अग्रसेन भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में रामनवमी आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 2014 से प्रारम्भ यह शोभायात्रा रायगढ़ की गरिमा, गौरव आत्मसम्मान और प्रतिष्ठा का संगम बन चुका है। 54 समाज के लोगों के संयुक्त प्रयास से श्रीगणेश होने वाले इस महान धार्मिक आयोजन में इस वर्ष 60 से अधिक विभिन्न समुदाय एवं संस्था के प्रतिनिधि रामनवमी शोभायात्रा में शामिल होकर अद्वितीय कीर्तिमान स्थापित करेंगे। जहाँ शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहे से शोभायात्रा निकलेगी, वहां भव्य सजावट के लिए लाइटिंग और तोरण की विशेष व्यवस्था की गयी। कल शोभायात्रा में प्रशासन की पहल से शहर में 3 से 4 जगह एम्बुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी, जिसमें चिकित्सक दल रहेंगे और आपातकालीन समय में मोर्चा सम्हालेंगे।
            रामनवमी शोभायात्रा में पंजाब पाइप बैंड, काला हांडी कटप्पा, सुआ नृत्य, पंथी नृत्य, कोलकाता के कार्टून, आदिवासी नृत्य समेत दर्जनभर ऐसे नयनाभिराम कार्यक्रम होंगे, जो उपस्थित लोगों का न केवल मनोरंजन करेंगे, अपितु रोमांचक अखाड़ेबाजी का विहंगम दृश्य भी देखने को मिलेगा।
         सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था रहेगी, शहर के नटवर स्कूल मैदान से निकलकर रामलीला मैदान में समापन तक शोभायात्रा जिन सड़कों पर निकलेगी, वहां और आसपास इलाके में सुबह से लेकर रात तक न केवल पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा, वहीं जिला और पुलिस प्रशासन के कर्मचारी से लेकर जिम्मेदार अधिकारी तक तैनात रहेंगे।
            प्रेसवार्ता में रामनवमी आयोजन समिति से महापौर जीवर्धन चौहान के साथ आशीष ताम्रकार, दीपक पांडेय, प्रदीप गर्ग, सुरेश गोयल, गुरूपाल भल्ला, उमेश अग्रवाल, शाखा यादव, विकास केडिया, प्रवीण द्विवेदी, आशीष यादव, अमित शर्मा, पवन अग्रवाल, गोपाल बापोड़िया, ओंकार तिवारी, पूजा चौबे सहित आयोजन समिति से जुड़े सक्रिय रामभक्त मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *