
💥कोतवाली पुलिस ने की गैरजमानतीय धाराओं में कार्रवाई, सभी आरोपियों को भेजा रिमांड पर।
💥एसएसपी शशि मोहन सिंह हुए सख्त, मारपीट, बलवा, गुण्डागर्दी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। एक तरफ जहाँ जिला पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में ताबड़तोड़ कार्यवाही में व्यस्त है, वहीं असामाजिक तत्व भी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा लगता है जैसे कानून का उन्हें जरा भी भय नहीं है, जबकि उन्हें पता है कि पुलिस के हाथ उनके गिरेबान तक पहुँच ही जायेंगे। सवाल उठता है कि क्या कानून की सजा पर्याप्त नहीं जिससे अपराधियों को अपराध करने में डर लगे? अभी हाल ही की बात है, दिनांक 14 मार्च 2026 की रात शहर के सत्तीगुड़ी चौक के आगे मस्तागली में एक घर में घुसकर मारपीट एवं तोड़फोड़ करने की घटना प्रकाश में आयी है जिसके कारण आम नागरिकों में दहशत का माहौल है।
घटना के संबंध में 15 मार्च को सुखदेव मंडल पिता स्व. अशोक मंडल उम्र 39 वर्ष निवासी मस्तागली सत्तीगुड़ी चौक रायगढ़ द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 14 मार्च की रात करीब 11:35 बजे जब वह घर में सो रहे थे, उसी दौरान तीन अज्ञात युवक जबरन दरवाजा खोलकर घर के अंदर घुस आए और स्टाफ से गुलदस्ता मांगने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी। शोर सुनकर प्रार्थी नीचे आए और समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी आक्रोशित होकर गाली-गलौच, धक्का-मुक्की करते हुए घर के दरवाजों में तोड़फोड़ करने लगे तथा अपने अन्य साथियों को बुलाकर मारपीट पर उतारू हो गए। आसपास के लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी घर से कूदकर फरार हो गए।
मामले में एक आरोपी का नाम कुन्नू निवासी राजीवनगर रायगढ़ ज्ञात होने पर थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता के तहत सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपी देवसिंह चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने 5 अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस द्वारा आरोपी देवसिंह चौहान (26 वर्ष), आशीष सिंह ठाकुर (24 वर्ष), आदित्य श्रीवास (25 वर्ष), देवकुमार चौहान (20 वर्ष), जयकिशन यादव (23 वर्ष) एवं साहिल सिंह ठाकुर (21 वर्ष) सभी निवासी रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेजा गया है।
उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में की गई, जिसमें सहायक उप निरीक्षक गौतम सिंह ठाकुर एवं हमराह स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
चूँकि, रायगढ़ पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है, फिर भी इस तरह की घटनाओं का होना आम नागरिकों के लिए गहरी चिंता का विषय है। हालाँकि तेज-तर्रार और न्यायप्रिय एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश है कि रायगढ़ में मारपीट, तोड़फोड़ और बलवा जैसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।
फिलहाल, आरोपियों की गिरफ्तारी से शहर वासियों के चेहरे पर संतुष्टि व राहत के भाव देखे जा सकते हैं। अब देखना यह है कि आने वाले समय में आरोपी जमानत में छूट कर मारपीट, तोड़फोड़ और बलवा जैसे कृत्यों से तौबा कर लेते हैं या फिर गुंडागर्दी जैसे कोई अपराध को अंजाम देते हैं।
