आदेश का खुला उल्लंघन, नियम विरुद्ध निजी जगह संचालित आधार सेंटर में चल रहा अवैध वसूली का खेल


तहतक न्यूज/लैलूंगा-रायगढ़, छत्तीसगढ़। आधार सेंटर के संचालन को लेकर शहर में बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मिल रही जानकारी के अनुसार आधार नामांकन एवं सुधार केंद्र शासकीय भवन में संचालित किए जाने के स्पष्ट निर्देश होने के बावजूद निजी स्थान पर चलाया जा रहा है। इस मामले ने जहाँ प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं आम जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आधार जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज से जुड़ा कार्य पूर्णतः पारदर्शी और सुरक्षित माहौल में होना चाहिए। इसके लिए शासन द्वारा स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि आधार सेवा केंद्र शासकीय परिसर या अधिकृत स्थान पर ही संचालित हों। लेकिन लैलूंगा में इन नियमों की अनदेखी कर निजी जगह पर संचालन किया जा रहा है, जो कई आशंकाओं को जन्म दे रहा है। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में भी निर्देश जारी किए गए थे कि आधार सेंटर को शासकीय संस्थान में ही संचालित किया जाए। इसके बावजूद आदेश का पालन नहीं किया गया। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर आदेश की अनदेखी किसके संरक्षण में हो रही है? आधार कार्ड देश का सबसे महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज है, जिसे भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा जारी किया जाता है। इसमें नागरिकों की व्यक्तिगत और बायोमेट्रिक जानकारी सुरक्षित रहती है। ऐसे में निजी स्थान पर संचालन डेटा सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो यह सीधे तौर पर नागरिकों की गोपनीयता से जुड़ा मामला बन सकता है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि निजी जगह पर संचालित सेंटर में सुविधा और व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। कई बार भीड़, अव्यवस्था और समय पर काम न होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। वहीं कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि मनमानी शुल्क वसूली भी हो रही है। इस पूरे मामले में जब लैलूंगा तहसीलदार शिवम पांडे से संपर्क किया गया तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि “शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि नियम विरुद्ध संचालन पाया गया तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।” तहसीलदार के इस बयान के बाद प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब यह देखना जरुरी होगा कि जांच कितनी निष्पक्ष और त्वरित होती है। क्या वास्तव में आधार सेंटर को शासकीय भवन में स्थानांतरित किया जाएगा या फिर मामला जांच के नाम पर वही ढाक के तीन पात रह जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *