
💥बीजापुर डाक विभाग में ज्वाइनिंग और ट्रांसफर के नाम पर पैसे मांगने का आरोप।
तहतक न्यूज/बीजापुर, छत्तीसगढ़।
नक्सल प्रभावित बीजापुर में कल बुधवार देर रात को हुई सीबीआई की बड़ी कार्रवाई में रिश्वत लेते हुए पोस्ट ऑफिस के तीन अधिकारियों सहित एक डाक कर्मी को एक साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है जिससे पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीबीआई ने छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल के बस्तर संभाग, जिला बीजापुर से शास्त्री कुमार पैंकरा उपसंभागीय निरीक्षक (डाक) बीजापुर, अम्बेडकर सिंह और मालौथ शोभन डाक अधिदर्शक तथा ग्रामीण डाक सेवक संतोष एंड्रिक को घूस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा है और लगभग 50000 की राशि जब्त किए गए हैं।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक नियुक्ति, स्थानांतरण या छुट्टी स्वीकृति के लिए 5 से 15 हजार रूपये तक देने पड़ते हैं। यहां से 37 लोग रिलीव हुए हैं और सभी से पैसे लिए गए। शास्त्री कुमार पैंकरा उपसंभागीय निरीक्षक (डाक) सबसे पैसे लेते हैं। शिकायतकर्ता रविंद्र ने बताया कि अभी कई लोगों की ज्वाइनिंग हो रही है, उनसे भी पैसे लिया जाएगा। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यह पूरा गोरखधंधा बीते दो वर्षों से लगातार चल रहा है। पैसे नहीं देने पर कोई काम नहीं किया जाता है।
पीड़ितों का कहना है कि डर और दबाव के कारण अब तक कई लोग सामने नहीं आ पाए थे, लेकिन अब एकजुट होकर शिकायत दर्ज कराई जा रही है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार अब तक 36 से 40 कर्मचारियों से15 से 20 हजार तक की अवैध वसूली की जा चुकी है। सभी आरोपियों से पूछताछ चल रही है। आशंका जताई जा रही है कि भ्रष्टाचारियों के गिरोह में और भी अधिकारी-कर्मचारी शामिल हो सकते हैं।
