तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। खरसिया स्थित स्काई अलॉयज एंड पावर लिमिटेड परिसर में ईएसआईसी के शाखा प्रबंधक योगेश कुमार का बीते 27 नवंबर को आगमन हुआ। उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों को ईएसआईसी के योजना के अंतर्गत मिलने वाले विभिन्न लाभों व सुविधाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
उन्होंने कर्मचारियों को ईएसआईसी के माध्यम से मिलने वाली चिकित्सा सुविधा, बीमारी के दौरान आर्थिक सहायता, मातृत्व लाभ, दुर्घटना एवं दिव्यांगता लाभ तथा अन्य महत्वपूर्ण सुविधाओं के बारे में अवगत कराया। वहीं, कंपनी के कर्मचारियों ने इस महत्वपूर्ण योजना के बारे में ध्यानपूर्वक सुना। जानकारीपूर्ण कार्यक्रम के माध्यम से कर्मचारियों को जहाँ, ईएसआईसी योजना के लाभों को समझने तथा उनका सही तरीके से उपयोग करने में सहायता मिली। वहीं इस महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए प्रबंधन स्काई अलॉयज एंड पावर लिमिटेड ने योगेश कुमार का आभार व्यक्त किया।
क्या है ईएसआईसी ?
ईएसआईसी (ESIC) का पूरा नाम कर्मचारी राज्य बीमा निगम (Employees' State Insurance Corporation) है। यह भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन एक वैधानिक निकाय है, जो संगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए ईएसआई (ESI) योजना का संचालन करता है।
यह योजना कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम, 1948 के तहत काम करती है और इसका उद्देश्य कर्मचारियों व उनके परिवारों को बीमारी, मातृत्व, विकलांगता या कार्यस्थल पर चोट लगने की स्थिति में चिकित्सा और आर्थिक मदद देना है।
मुख्य पात्रता और नियम
यह नियम उन कंपनियों, कारखानों और संस्थानों पर लागू होता है जहाँ 10 या उससे अधिक कर्मचारी काम करते हैं। जिन कर्मचारियों का मासिक वेतन ₹21,000 या उससे कम है, वे इसके पात्र हैं। दिव्यांग कर्मचारियों के लिए यह सीमा ₹25,000 प्रति माह है।
यह एक स्व-वित्तपोषित योजना है, जिसमें कर्मचारी के वेतन का 0.75% हिस्सा कटता है और नियोक्ता (कंपनी) अपनी तरफ से 3.25% का योगदान देता है।
ईएसआईसी के प्रमुख लाभ
बीमित कर्मचारी और उस पर आश्रित परिवार के सदस्यों को ईएसआई अस्पतालों और डिस्पेंसरियों में मुफ्त इलाज, दवाइयाँ और जाँच की सुविधा मिलती है। बीमारी के कारण काम पर न जा पाने की स्थिति में कर्मचारी को साल में अधिकतम 91 दिनों तक उसके औसत दैनिक वेतन का 70% नकद भुगतान मिलता है। वहीं, महिला कर्मचारियों को गर्भावस्था के दौरान 26 सप्ताह तक पूरा वेतन दिया जाता है। यही नहीं, काम के दौरान चोट लगने पर अस्थायी या स्थायी विकलांगता की स्थिति में जीवन भर या ठीक होने तक वेतन का 90% हिस्सा पेंशन या भत्ते के रूप में मिलता है।
आश्रित लाभ और अंतिम संस्कार खर्च
कार्यस्थल पर दुर्घटना से कर्मचारी की मृत्यु होने पर परिवार के आश्रितों को मासिक पेंशन (वेतन का 90% तक) और अंतिम संस्कार के लिए ₹15,000 की एकमुश्त राशि दी जाती है। कुछ विशेष परिस्थितियों में नौकरी छूटने पर 'अटल बीमित व्यक्ति कल्याण योजना' या राजीव गांधी श्रमिक कल्याण योजना के तहत बेरोजगारी भत्ता भी मिलता है। अतः कंपनियों में कार्य करने वाले सभी कर्मचारियों को ईएसआईसी का लाभ जरुर उठाना चाहिए।


