शासकीय भूमि पर अवैध शेड निर्माण, जाँच में पहुँचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट



💥शासकीय सेवक के साथ मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार दूसरा फरार।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जाँच करने पहुँचे पटवारी के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में घरघोड़ा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है वहीं, दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
     जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 नवम्बर को पटवारी शिवानंद गिरी उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम पोरडा, तहसील एवं थाना घरघोड़ा ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पटवारी हल्का नंबर 08 ग्राम रायकेरा में पदस्थ है। दिनांक 24 नवंबर को तहसीलदार घरघोड़ा के निर्देश पर वह ग्राम तिलाईपाली एवं रायकेरा क्षेत्र में ग्राम नयारामपुर स्थित एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण की जाँच एवं मौका निरीक्षण करने पहुँचे थे। इस दौरान उनके साथ स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी मौजूद थे। मौका निरीक्षण में पाया गया कि प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी निवासी तिलाईपाली द्वारा उक्त शासकीय भूमि पर शेड निर्माण कराया जा रहा था। पटवारी द्वारा उसे जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य एक-दो दिन रोकने की समझाइश दी गई। तहसीलदार घरघोड़ा ने भी फोन पर संबंधित व्यक्ति को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना और आक्रोशित होकर विवाद करने लगा।
    आरोप है कि पटवारी जब मौके से जाने लगे तो प्यारीलाल गुप्ता ने वहाँ मौजूद ग्रामीणों को निर्माण कार्य की सूचना देने की बात कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्के एवं डंडे से मारपीट करने लगा। इसी दौरान उसका बड़ा भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुँचा और उसने भी पटवारी के साथ मारपीट की।
        विवेचना के दौरान दिनांक 25.11.2026 को घरघोड़ा पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी और आरोपी विजय गुप्ता पिता बैरागी गुप्ता, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम-रायकेरा, सेंट्रल बैंक के पास, थाना-घरघोड़ा, जिला-रायगढ़ को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मामले में फरार दूसरे आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *