धान खरीदी शुरू होते ही अवैध धान भंडारण का भी शुरू हुआ खेल, प्रशासन की कार्रवाई में 66.80 क्विंटल धान जब्त

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। कड़ी मेहनत और खून-पसीना बहा कर अन्नदाता जब अन्न तैयार कर उसका प्रतिफल पाने धान मंडियों की ओर उन्मुख होता है तो कुछ अवैध कारोबारी भी सक्रिय हो उठते हैं। कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से अवैध धान की खरीदी-बिक्री एवं परिवहन भी शुरू हो जाता है। ऐसे में जिले में अवैध धान की आवक, खरीदी-बिक्री, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 66.80 क्विंटल धान के मामले में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
         

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीएम लैलूंगा द्वारा ग्राम मुकड़ेगा में सुदूराम चौहान के पास रखे 34 कट्टा (14 क्विंटल) धान को अवैध रूप से भंडारित पाए जाने पर जब्त किया गया। इस मामले में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं, मंडी टीम द्वारा रायगढ़ के काशीराम चौक स्थित विनोद जांगड़े के मकान की जाँच के दौरान 70 कट्टा (28 क्विंटल) धान पाया गया। इस संबंध में मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मंडी, राजस्व एवं फूड के संयुक्त जाँच दल द्वारा निरीक्षण करने पर श्री अनिल किराना के यहां 30 कट्टा एवं सीता किराना शरद अग्रवाल के यहा 32 कट्टा कुल 2 प्रकरणों में 62 कट्टा 24.80 क्विंटल अवैध धान पाया गया जिस पर मंडी अधिनियम के तहत कार्यवाही किया गया।
       

विदित हो कि, कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से अवैध धान की खरीदी-बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहाँ तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले वाहनों एवं धान की जाँच के लिए राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही जिला स्तरीय निगरानी समिति गठित की गई है तथा जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल बनाए गए हैं। इन दलों को अपने क्षेत्रों में अवैध धान की खरीदी, परिवहन और भंडारण पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला प्रशासन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक निगरानी रखते हुए अवैध धान के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *