तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में रायगढ़ पुलिस ने एक संगठित आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मोबाइल दुकान चोरी और दो बैंकों में लूट के असफल प्रयास में शामिल 5 आरोपी युवक एवं 01 विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 02 चारपहिया वाहन, 60 मोबाइल फोन सहित लगभग 26.47 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पूरे मामले में खुलासा तब हुआ जब फरवरी माह में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के कुडुमकेला स्थित मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच 15/16 मार्च को धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक और 16/17 मार्च की रात जूटमिल स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चोरी/लूट के प्रयास की घटनाएं सामने आईं। लगातार मिल रहे इन घटनाओं के पैटर्न को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी द्वारा जिलेभर में अलर्ट जारी किया गया और विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के मार्गदर्शन पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
एसएसपी शशि मोहन के दिशा निर्देशन पर इन घटनाओं में मिले पैटर्न पर थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू द्वारा हमराह प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल के साथ आरोपियों को पकड़ने का चैलेंज लेकर जांच की जा रही थी । टीआई घरघोड़ा ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर माल मुल्जिम की पतासाजी को आगे बढ़ाया गया, साथ ही अपने विश्वसनीय मुखबीरों को फुटेज के संदेहियों के फोटो दिखाकर सूचना देने कहा गया। पुलिस ने संदेही मो.अरसलान निवासी पत्थलगांव को मोबाइल दुकान की चोरी में शामिल होना पुख्ता करते हुए रेड कर दबोचा जिससे पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ कुडूमकेला मोबाइल शॉप में चोरी के अलावा धरमजयगढ़ ग्रामीण बैंक और जूटमिल रायगढ़ के पंजाब नेशनल बेंक में लूट/चोरी का असफल प्रयास करना स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस टीम ने एक के बाद एक इस गिरोह के और 5 आरोपियों को अलग अलग इलाके से पकड़ा है। पकड़े गये 06 आरोपियों में एक विधि के साथ संघर्षरत बालक है । इस गिरोह का मुख्य सरगना आरोपित मो.अरसलान निवासी पत्थलगांव है जिसने अपने हमउम्र लड़कों का गिरोह तैयार कर वारदातों को अंजाम दिया जा रहा था ।
आरोपियों के अपराध का तरीका
घरघोड़ा पुलिस टीम ने आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ करने पर बताये कि यह गैंग योजना अनुसार रायगढ़ जिला में रोड किनारे स्थित दुकानों एवं बैंको में चोरी करता था। इनका लीडर मो.अरसलान था, योजना अनुसार सभी लोग घरघोड़ा, धरमजयगढ़, रायगढ़ क्षेत्र में रैकी करना चालू किये। घरघोड़ा क्षेत्र में किसी दुकान में चोरी करने की नियत से सभी एक राय होकर मारूती सियाज कार क्र. सीजी-17-के.एन.-2212 से निकले । दिनांक 15 एवं 16.02.2026 के दरमियानी रात में लगभग 01-01.30 बजे पांचों आरोपी (नाबालिग को छोड़कर) घरघोड़ा-धरमजयगढ़ रोड में स्थित ग्राम कुडुमकेला में रोड किनारे स्थित प्रार्थी के मोबाईल दुकान का सटर के ताला तोडकर मोबाईल दुकान में रखा विभिन्न कंपनियों का नया पुराना मोबाईल, ब्लूटूथ स्पीकर, हेडफोन, नगदी रकम लगभग 3000रू. को दुकान से चोरी कर लिये जिसे कार में डाल कर घरघोड़ा-लैलूंगा रोड में ग्राम मुस्कुरा के पास जंगल में छिपा कर रखे। इन मोबाईल को बिक्री करने का योजना थी। इसके बाद भी मो.अरसलान, अलतमस, जॉनसन, और अपचारी बालक निवासी पत्थलगांव एक राय होकर बैंको में चोरी करने की योजना बनाये। योजनानुसार कार क्र. सीजी-17-के.एन.-2212 से दिनांक 15.03.2026 को रात्रि में खम्हार धरमजयगढ़ के ग्रामीण बैंक में चोरी करने का प्रयास किये थे किंतु सफल नहीं हुए थे, ग्रामीण बैंक के सी.सी.टी.व्ही. कैमरा सिस्टम को साक्ष्य छिपाने के लिए निकाल कर ले गये। और उसके बाद मो.अरसलान, करण महंत, जॉनसन और अपचारी बालक द्वारा महिन्द्रा एक्सयुव्ही-500 कार क्र. सीजी-04-के.जेड.-5674 से दिनांक 16.03.2026 के रात्रि में पटेलपाली के पंजाब नेषनल बैंक में चोरी करने का प्रयास किये, किंतु पुलिस के आने पर वोल्ट को नहीं तोड पाये थे, बैंक के सी.सी.टी.व्ही. कैमरा सिस्टम को साक्ष्य छिपाने के लिए निकाल कर ले गये।
थाना धरमजयगढ़ और थाना जूटमिल में भी गिरोह के सदस्यों पर दर्ज अपराध
ग्रामीण बैंक धरमजयगढ़ में नकबजनी के प्रयास पर थाना धरमजयगढ़ के अपराध क्रमांक 63/2026 धारा 331(4),305(ए) बी.एन.एस. और पंजाब नेशनल बैंक में नकबजनी के प्रयास पर थाना जूटमिल में अज्ञात आरोपियों पर 86/2026 धारा 331(4),305(ए) बी.एन.एस. कायम किया गया है।
घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी मो.अरसलान से घटना में प्रयुक्त मारूती सियाज कार क्र. सीजी-17-के.एन.-2212, महिन्द्रा एक्सयुव्ही-500 कार क्र. सीजी-04-के.जेड.-5674, अन्य चार आरोपियों से कुल 60 नग नये/पुराने मोबाईल व 01 एयरबट्स कीमती 347100रू. जुमला बरामदगी कीमत 26,47,100 बरामद कर जप्त किया गया। आरोपीगण द्वारा एक राय होकर आपराधिक षडयंत्र कर योजनाबद्ध तरीके से संगठित होकर अपराध घटित करना पाये जाने से प्रकरण में धारा 112(2),61(2),3(5) बी.एन.एस. जोडी गई। आरोपियों को आज घरघोड़ा न्यायालय में गिरफ्तार कर रिमांड पर जेल भेजा गया है । थाना घरमजयगढ़ एवं थाना जूटमिल पुलिस द्वारा पृथक से आरोपियों के विरूद्ध कार्रवाई की जावेगी ।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के मार्गदर्शन पर पूरे ऑपरेशन में आरोपियों की गिरफ्तारी पर तीन थानों के 03 अपराध का खुलासा हुआ जिसमें थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक हरीश पटेल थाना घरघोड़ा और स्थानीय नागरिक कालिया गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही तथा थाना साइबर का विशेष सहयोग रहा ।
चोरी व डकैती के शातिर संगठित गिरोह का पर्दाफाश, 06 आरोपी सहित लाखों की संपत्ति बरामद
Leave a comment
Leave a comment
