तहतक न्यूज/पूंजीपथरा-रायगढ़, छत्तीसगढ़। थाना पूँजीपथरा क्षेत्र के अंतर्गत मकान किराया विवाद के चलते हुए प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत 23 मार्च 2026 को प्लांटकर्मियों के बीच मकान किराया नहीं देने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी बंशीधर चौहान ने प्लांटकर्मी चन्द्रभान प्रसाद पर लकड़ी के डंडे से प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसे सिर, माथा, गाल, हाथ एवं पसली में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। घायल को उपचार हेतु मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया गया था।
घटना की सूचना मिलने पर पूंजीपथरा पुलिस द्वारा अस्पताल पहुंचकर घायल चन्द्रभान प्रसाद (30 वर्ष) निवासी ग्राम रामपुर गरडी थाना गोला जिला गोरखपुर (उ.प्र.), हाल मुकाम रंजीत कॉलोनी पूंजीपथरा का कथन लिया गया, जिसमें पीड़ित ने बताया कि वह बी एस पावर प्लांट पूंजीपथरा में मैकेनिकल फिटर के पद पर कार्यरत है तथा कॉलोनी में किराये के कमरे में रहकर मकान मालिक की ओर से किराया वसूली का कार्य भी देखता है।
पीड़ित के अनुसार आरोपी बंशीधर चौहान, जो उसी कालोनी के कमरे में रहता है, कई दिनों से किराया नहीं दे रहा था। 23 मार्च को किराया मांगने पर आरोपी आग बबूला हो गया और जान से मारने की धमकी देते हुए घर में रखे लकड़ी के डंडे से सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बंशीधर चौहान पिता विप्ता राम चौहान उम्र 35 वर्ष निवासी कोटिया थाना नारायणपुर जिला जशपुर, हाल मुकाम रंजीत कॉलोनी पूंजीपथरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
उक्त कार्रवाई थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव एवं उनकी टीम द्वारा की गई, जिनकी सराहनीय भूमिका रही।
मकान किराया विवाद में प्लांटकर्मी पर प्राणघातक हमला, आरोपी गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment
