
💥इन्वेस्टीगेशन किंग गिरधारी के आगे शातिरों की चालाकी धरी की धरी रह गयी।
💥 दरवाजों और बेकलाइट में गुप्त चेम्बर बनाकर छुपा रखा था गांजा।
तहतक न्यूज/लैलूंगा-रायगढ़ छत्तीसगढ़। गांजे की खपत इतनी बढ़ गयी है कि पुलिस की कड़ी चाक-चौबंद व्यवस्था के बावजूद तस्कर बाज नहीं आ रहे और तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हुए फिल्मी अंदाज में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त हैं। कुछ ऐसा ही वाकया जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में देखने को मिला।
विदित हो कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत थाना लैलूंगा और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से गांजा तस्करी कर ला रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 29 किलो गांजा, मारुति सुजुकी रिट्ज कार और दो मोबाइल जब्त किए हैं। आरोपियों द्वारा फिल्म ‘पुष्पा’ की तर्ज पर कार के दरवाजों और बैक लाइट में विशेष चेंबर बनाकर गांजा छुपाया गया था, ताकि पुलिस जांच से बचा जा सके। इस कार्रवाई में कुल 17.65 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई है तथा फरार सप्लायर एवं सरगना के विरुद्ध भी नामजद अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 01 मार्च 2026 को सूचना मिली कि दो व्यक्ति चॉकलेट रंग की मारुति सुजुकी रिट्ज कार क्रमांक CG-13-UG-9683 में उड़ीसा से गांजा लेकर पाकरगांव लैलूंगा की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा पाकरगांव अटल चौक के पास घेराबंदी की गई। शाम करीब 6 बजे संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पुलिस को देखकर वाहन को कच्चे रास्ते की ओर मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
वाहन में सवार आरोपियों ने अपना नाम श्रवण कुमार निषाद और महेन्द्र प्रसाद चौहान बताया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा तस्करी से इंकार किया, लेकिन पुलिस को मिली सटीक सूचना के आधार पर वाहन की बारीकी से जांच की गई, जिसमें कार के दरवाजों और बैक लाइट के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर से 29 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रामकुमार कुजूर निवासी महेशपुर थाना पत्थलगांव जिला जशपुर द्वारा उन्हें उड़ीसा से गांजा लाने के लिए प्रति 10 किलो गांजा पर 10,000 रुपये देने का लालच दिया गया था। दोनों आरोपी उड़ीसा जाकर गांजा लाए और उसे कार में छुपाकर रामकुमार कुजूर तक पहुंचाने जा रहे थे। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि फरार आरोपी रामकुमार कुजूर की तलाश जारी है।
फिलहाल, जाँच में माहिर उप-निरीक्षक गिरधारी साव एन्ड टीम की चल रही धुँवाधार कार्यवाही से अवैध कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों की दिन का चैन और रातों की नींद हराम हो गयी है। वहीं, आम जनता सकून की साँस ले रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, सहायक उपनिरीक्षक राजेश दर्शन, आरक्षक जितेंद्र कुर्रे, मन्नू खड़िया तथा साइबर थाना के प्रधान आरक्षक बृजलाल गुज्जर, आरक्षक प्रशांत पण्डा, पुष्पेंद्र जाटवर, विकास प्रधान, प्रताप बेहरा और रविन्द्र गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
