
तहतकन्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जब से पदभार संभाला है तब से पुलिसिंग व्यवस्था में काफी तत्परता एवं कसावट देखने को मिल रही है। जिले के सभी थानों और चौकियों में पुलिस अलर्ट मोड में है और आपराधिक कृत्यों पर निरंतर कार्यवाही कर रही है। इससेआम जनता को न केवल राहत मिल रही है बल्कि, अपराधियों एवं गैर कानूनी धंधों में लिप्त लोगों में दहशत का माहौल है। आपको बता दें कि कोतवाली पुलिस ने चोरी हुई बाइक को दो दिनों के भीतर बरामद कर दो बाइक चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।
प्रार्थी प्लांट कर्मी हरिशचंद्रा (उम्र 26 वर्ष) निवासी ग्राम अरसिया थाना जैजेपुर जिला सक्ती, वर्तमान पता बोईरदादर रायगढ़ द्वारा दिनांक 10 फरवरी को थाना कोतवाली में मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। प्रार्थी ने बताया कि वह अग्रोहा स्टील एन्ड पावर लिमिटेड चिराईपानी में कार्यरत है तथा 8 फरवरी को प्रतिदिन की तरह अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 L 1014 से प्लांट गया था। दोपहर करीब 1:30 बजे उसने उर्दना पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिल खड़ी कर प्लांट बस से ड्यूटी पर चला गया। रात्रि लगभग 10:30 बजे वापस आने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली।
विवेचना के दौरान पतासाजी में आज दिनांक 15.02.2026 को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि मंगलूडिपा निवासी संदीप खत्री एक चोरी की बाइक रखकर उसे बेचने ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर संदेही संदीप खत्री को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुरेश यादव निवासी उर्दना के साथ मिलकर दिनाँक 08 फरवरी को उक्त मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया तथा आज ग्राहक तलाशते समय पकड़े जाने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल CG 12 L 1014 जप्त कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही।
