
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। कला, संस्कृति एवं संस्कारधानी नगरी के रूप में विख्यात रायगढ़ को बदनाम करने की नाकाम कोशिश करने की बेहद ही बदसूरत तस्वीर सामने आयी है। आपको बता दें कि केलो विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार का अत्यंत ही लज्जाजनक अनैतिक कारोबार किया जा रहा था, जिससे रायगढ़ नगरी की छवि पर आँच आ रही थी। गनीमत है कि जिले में नवपदस्थ तेज-तर्रार और अपराध के नस-नस की जानकारी रखने वाले एसएसपी शशि मोहन सिंह के कुशल प्रशासनिक अनुभव के बनिस्बत असामाजिक तत्वों के मनसूबे पर पानी फेर गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि केलो बिहार कॉलोनी स्थित संतोष सोनी के मकान में किरायेदार डिंपी उर्फ राहुल इजारदार बाहर से महिलाओं को लाकर देह व्यापार करा रहा है। सूचना से तत्काल एसएसपी शशि मोहन सिंह को अवगत कराया गया, जिनके मार्गदर्शन पर थाना चक्रधरनगर और साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम गठित कर रेड की योजना बनाई गई।
पुलिस द्वारा पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर रुपये देकर मकान भेजा गया। पाइंटर से संकेत मिलते ही मकान की घेराबंदी कर एकाएक छापा मार कार्यवाही की गई। मौके पर मकान के अंदर तीन महिलाएं, पुलिस पाइंटर, आरोपी डिंपी उर्फ राहुल इजारदार तथा एक अन्य व्यक्ति नागेंद्र विश्वकर्मा निवासी कोतरारोड पाए गए। मकान से देह व्यापार में प्रयुक्त कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई।
पूछताछ में नागेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि डिंपी इजारदार मकान का किरायेदार है, जो महिलाओं को लाकर उनसे वेश्यावृत्ति करवाता है और वह उसी सिलसिले में वहां आया था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी डिंपी इजारदार किराये के मकान में महिलाओं को पैसों का लालच देकर अनैतिक देह व्यापार कर जीवन-निर्वहन कर रहा था, स्वयं इसका संचालन व प्रबंधन करता था तथा दलाली की भूमिका निभा रहा था पुलिस ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन, पाइंटर द्वारा आरोपी को दिया गया रकम एवं आपत्तिजनक सामग्री को गवाहों के समक्ष जप्त किया गया।
इस सफल कार्यवाही में एडिशनल एसपी (साइबर) अनील विश्वकर्मा, सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में प्रभारी थाना चक्रधरनगर उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, एएसआई नंद कुमार, प्रधान आरक्षक श्याम देव साहू, आरक्षक राजेश सिदार, साइबर थाना से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, रेनू मंडवी सिंह, प्रशांत पंडा, रविंद्र गुप्ता, विक्रम सिंह, सुरेश सिदार और महिला आरक्षक मेनका चौहान, की महत्वपूर्ण भूमिका तारीफ के काबिल रही।
