
💥25 क्विंटल अवैध धान व पिकअप वाहन जब्त, मंडी सचिव को दी गई सूचना।
तहतक न्यूज/लैलूंगा-रायगढ़, छत्तीसगढ़।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के दिशा-निर्देशन में दूसरे राज्यों से छत्तीसगढ़ की कृषि उपज मंडियों में अवैध रूप से धान खपाए जाने पर सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में लैलूंगा पुलिस द्वारा अवैध धान परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है।
बता दें कि बीते बुधवार की रात जब ठंड अपने पूरे शबाब पर थी, लोग रजाईयों में दुबके गहरी नींद का मजा ले रहे थे तब लैलूंगा थाना प्रभारी उप-निरीक्षक गिरधारी साव दल बल के साथ गश्त पर निकले थे। गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर ग्राम कुपाकानी से पाकरगांव के मध्य मेन रोड पर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मौके पर एक योद्धा पिकअप वाहन क्रमांक CG 14 MP 3493 को रोककर जांच की।
जांच के दौरान उक्त वाहन में करीब 25 क्विंटल धान लोड पाया गया, जिसका परिवहन किया जा रहा था। वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान तरूण सिदार पिता मोहित राम सिदार उम्र 21 वर्ष, निवासी सुस्डेगा मुड़ापारा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर एवं हेमन्त सिदार पिता शिवशंकर सिदार उम्र 29 वर्ष, निवासी केरजू, चौकी केरजू, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा धान के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी किया गया, किंतु अनावेदकों द्वारा धान के संबंध में किसी भी प्रकार का वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर पुलिस ने पिकअप वाहन सहित लगभग 25 क्विंटल धान, जिसकी अनुमानित कीमत ₹77,500 है, को धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की कार्यवाही जप्त कर अपने कब्जे में लिया।
मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु मंडी सचिव लैलूंगा को सूचना प्रेषित की गई है।
