फिर पकड़े गए 17.900 टन अवैध कबाड़ के साथ दो माजदा वाहन

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले में कबाड़ के अवैध परिवहन एवं अवैध खरीदी-बिक्री बदस्तूर जारी है। इस पर लगाम लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” चलाया जा रहा है और इनकी धर-पकड़ भी हो रही है, लेकिन यह अवैध कारोबार धड़ल्ले से जारी है। अभी हाल ही में पिछले दिनों 30 सितम्बर को पूँजीपथरा पुलिस ने अवैध स्क्रैप परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए करीब 14 टन स्क्रैप से लदे टाटा 1512 माजदा वाहन को जब्त किया था। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत ₹3,98,000 तथा परिवहन में प्रयुक्त वाहन की कीमत करीब ₹8,00,000, इस प्रकार कुल करीब ₹11,98,000 की संपत्ति जब्त की गयी थी। ठीक इसी तरह 02 अक्टूबर 2026 को भी ग्राम देलारी स्थित रायगढ़ इस्पात के पास कार्रवाई करते हुए दो माजदा वाहनों में परिवहन किया जा रहे करीब 17.900 टन स्क्रैप जब्त किया है।
थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव को मुखबिर से माजदा वाहन के माध्यम से कबाड़ के अवैध परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा ग्राम देलारी में रायगढ़ इस्पात के पास घेराबंदी कर दो माजदा वाहनों को रोककर जाँच की गई। वाहन क्रमांक CG07CC0311 के चालक लालमणी गणतिया पिता स्व० भास्कर गणतिया, सिदांडीमुडा पोस्ट-सरगळ, थाना व जिला बलांगिर ओड़िशा के वाहन से विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड एवं वाहन पार्ट्स का स्क्रैप, वजन करीब 09 टन 690 किलो, कीमत करीब ₹3,39,150 तथा वाहन क्रमांक OD31G8488 के चालक मो० अपरार पिता मो० माजी उम्र 32 वर्ष सा० कमरिया पो.व थाना-मौदाहा, जिला-हमीरपुर, उ०प्र० के वाहन से विभिन्न प्रकार के टीन, लोहे के टुकड़े, रॉड एवं वाहन पार्ट्स का स्क्रैप, वजन करीब 08 टन 210 किलो, कीमत करीब ₹2,87,350 बरामद किया गया। स्क्रैप के संबंध में वाहन चालकों से पूछताछ करने पर न तो वे कोई संतोषप्रद जवाब दे सके और न ही परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाए। कार्रवाई में कुल 17 टन 900 किलो कबाड़, कीमत करीब ₹6,26,500, परिवहन में प्रयुक्त दोनों माजदा वाहन, अनुमानित कीमत करीब ₹20 लाख, सहित कुल करीब ₹26,26,500 की संपत्ति जब्त की गई। दोनों वाहन चालकों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
        “कबाड़ के अवैध परिवहन एवं अवैध खरीदी-बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *