तीन पिकअप वाहनों से हो रही थी गौवंशों की तस्करी, 6 आरोपी गिरफ्तार

💥 तस्करों के हौसले बुलंद, पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने का किया प्रयास।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत कोतरारोड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम सरवानी मेन रोड पर नाकेबंदी कर तीन पिकअप वाहनों से गौवंशों की तस्करी कर रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 6 गौवंशों को सकुशल रेस्क्यू किया है। आरोपियों ने पुलिस की नाकेबंदी से बचने के लिए पुलिसकर्मियों की ओर वाहन चढ़ाकर भागने का प्रयास किया तथा शासकीय पुलिस वाहन को भी टक्कर मार दी।
         पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन सफेद रंग के पिकअप वाहनों में गौवंशों को भरकर ग्राम सरवानी से रायगढ़ होते हुए झारखंड की ओर अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी अजय नागवंशी एवं थाना प्रभारी कोतरारोड़ शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर ग्राम सरवानी-कुलबा मेन रोड पर घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान सुबह करीब 5:00 बजे तीन सफेद रंग के संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक JH-05-CR-0840, JH-01-GC-5199 एवं OD-17-G-9320 आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन तीनों वाहनों के चालकों ने पुलिसकर्मियों की ओर वाहन चढ़ाकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने किसी तरह अपनी जान बचाई। आरोपियों ने पुलिस के शासकीय वाहन क्रमांक CG-03-A-0705 को भी टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों वाहनों को पकड़ लिया।
       पहले पिकअप वाहन क्रमांक JH-05-CR-0840 की तलाशी लेने पर वाहन के अंदर 02 नग गौवंश मिले। वाहन चालक नकुल साहू  गुमला, झारखंड तथा उसके साथ शिवा कुमार साहू  गुमला, थाना गुमला, जिला गुमला, झारखंड को पकड़ा गया।
         दूसरे पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-GC-5199 में 01 नग गौवंश मिला। वाहन चालक आदित्य महतो पिता महाबीर महतो, उम्र 22 वर्ष, निवासी हेसराग, थाना बिशुनपुर, जिला गुमला, झारखंड तथा उसके साथ रूपेश लहरे लोहरदगा, झारखंड को गिरफ्तार किया गया।
       तीसरे पिकअप वाहन क्रमांक OD-17-G-9320 में 02 नग गौवंश मिले। वाहन चालक राम महतो लोहरदगा, झारखंड तथा उसके साथ राजू सतनामी निवासी सरवानी, कोतरारोड़, जिला रायगढ़ को पकड़ा गया।      
       पूछताछ में संदेहियों ने मवेशियों को लोड कर गुमला, झारखंड ले जाना बताया और उनके साथ एक अन्य आरोपी ललित निवासी सरवानी के मौके से फरार होने की जानकारी भी दी जिसकी तलाश की जा रही है।
         उक्त कार्रवाई में डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी अजय नागवंशी, थाना प्रभारी कोतरारोड़ शील आदित्य सिंह एवं एएसआई जय सिंह स्वादू, आरक्षक उत्तम सारथी, बंशी रात्रे और अजय साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
          “ऑपरेशन शंखनाद के तहत रायगढ़ पुलिस गौवंशों की अवैध तस्करी एवं पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। गौवंशों की तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील है कि गौवंश तस्करी अथवा पशुओं के साथ क्रूरता से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।”- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।


    

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *