तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। वर्तमान समय में शहर के हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि आम नागरिक भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। जहाँ देखें वहाँ गुंडागर्दी, मारपीट, प्राण घातक हमला जैसी घटनाएं आम बात हो गयी हैं। यही नहीं, अब तो नाबालिग लड़के भी असामाजिक तत्वों के नक्शे कदम पर चल रहे हैं। ऐसी ही एक तस्वीर आज दोपहर शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला चक्रधरनगर में देखने को मिली, जहाँ एक छात्र के साथ मारपीट की घटना हुई।
विदित हो कि स्कूल के लंच ब्रेक के समय 6-7 बाहरी लड़के स्कूल की दीवार को फांदकर स्कूल अंदर प्रवेश किये और कक्षा 9वीं के छात्र (16 वर्ष) को कक्षा से बाहर बुलाये और दो लड़के छात्र पर चाकू जैसे हथियार से हमला कर वहां से भाग निकले। इस घटना में छात्र के कमर से नीचे चोट आयी है। स्कूल प्रबंधन की ओर से घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुँचे। स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज से छात्र पर हमला करने वाले दोनों लड़कों की पहचान स्पष्ट कर दोनों को पकड़ा गया है जिससे पूछताछ में उनके साथ मारपीट के लिए साथ आये एक और लड़के को पकड़ा गया है । देर शाम तक तीन आरोपित पकड़े गये हैं, तीनों नबालिग हैं।
तीन नबालिगों ने छात्र के साथ मारपीट करने के अपराध को स्वीकार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में घायल छात्र के साथ इनकी पूर्व मित्रता और कुछ पहले झगड़ा विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आयी है । घटना में घायल हुए छात्र की स्थिति सामान्य है और उसका जिला अस्पताल रायगढ़ में इलाज जारी है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य के आवेदन पर चक्रधरनगर पुलिस द्वारा मामले में प्रथम सूचना पत्र दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।


