घर घुसकर अकेली महिला से मारपीट व छेड़खानी के आरोप में सरपंच सहित 4 आरोपी पहुँचे जेल

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। कुछ ऐसे भी लोग होते हैं जो पद पाकर अपने-आपको किसी शहंशाह से कम नहीं समझते और पद की गरिमा को तार-तार कर देते हैं। ऐसे ही एक सिरफिरे सरपंच ने अपना कुछ ऐसा रौब दिखाया कि अपने चमचों के साथ जेल के सलाखों के पीछे जा पहुँचा।
        प्राप्त जानकारी के अनुसार चौकी जोबी पुलिस ने महिला के घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट, छेड़खानी एवं अभद्रता करने के मामले में ग्राम ओंगना के सरपंच अमित राठिया सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
        दिनांक 28 अगस्त 2026 को 50 वर्षीय महिला ने चौकी जोबी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 27 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे वह अपने घर में थी। इसी दौरान अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया निवासी आँगना थाना धरमजयगढ़ तथा धनसिंह राठिया एवं इगेन्द्र राठिया निवासी पुछियापाली चौकी जोबी वहां पहुंचे। आरोपियों ने पूर्व रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए महिला के साथ हाथ-मुक्का से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा उसकी इज्जत लेने के उद्देश्य से कपड़े खींचकर उतारने का प्रयास किया गया। महिला किसी तरह भागकर गली में पहुंची, जहाँ आरोपी अनिल राठिया ने उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि अमित राठिया एवं धनसिंह राठिया उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े खींचने लगे। वहीं इगेन्द्र राठिया द्वारा मोबाइल से घटना का वीडियो बनाए जाने की बात भी महिला ने अपनी शिकायत में बताई। महिला की आवाज सुनकर बचाव के लिए पहुँचे ग्रामीणों के साथ भी आरोपियों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है।
     प्रार्थिया की रिपोर्ट पर चौकी जोबी, थाना खरसिया में आरोपियों अमित राठिया, अनिल कुमार राठिया, धनसिंह राठिया एवं इगेन्द्र राठिया के विरुद्ध धारा 296, 351(3), 115(2), 76 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
    मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी जोबी सहायक उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण राठौर द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं घटनास्थल से अपराध में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स एवं पल्सर मोटरसाइकिल तथा घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने में प्रयुक्त ओप्पो मोबाइल फोन को जब्त किया है।
     विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी अमित राठिया पिता बलदेव सिंह उम्र 36 वर्ष, अनिल कुमार राठिया पिता बलदेव सिंह उम्र 30 वर्ष, धनसिंह राठिया पिता जेठूराम उम्र 52 वर्ष एवं इगेन्द्र राठिया पिता धनसिंह उम्र 22 वर्ष को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। बता दें कि आरोपी अमित राठिया ग्राम ओंगना का सरपंच है। अन्य आरोपी भी ग्राम ओंगना (धरमजयगढ़) एवं जोबी क्षेत्र के निवासी हैं।
        "महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में रायगढ़ पुलिस की नीति स्पष्ट है-महिला संबंधी शिकायतों पर तत्काल, संवेदनशील और कानूनसम्मत कार्रवाई करते हुए अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"-एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *