अग्निजनित घटना से सुरक्षा के मद्देनजर ओला इलेक्ट्रिक सर्विस सेंटर हुआ सील


💥काशीराम चौक स्थित परिसर में करीब 280 इलेक्ट्रिक वाहन एवं लिथियम-अयन बैटरियों का असुरक्षित भंडारण।
💥जन-सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, जांच दल ने मौके पर किया पंचनामा।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। काशीराम चौक स्थित ओला इलेक्ट्रिक सर्विस सेंटर में इलेक्ट्रिक वाहनों एवं लिथियम-अयन बैटरियों के असुरक्षित भंडारण की शिकायत पर जिला प्रशासन ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए सर्विस सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य वाणिज्यिक क्षेत्र में संभावित अग्नि दुर्घटना से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
       कार्यपालिक दंडाधिकारी एवं तहसीलदार रायगढ़  शिव कुमार डनसेना तथा नायब तहसीलदार पुसौर प्रतीक देवांगन के जांच दल ने 07 अगस्त को मौके पर पहुंचकर परिसर का सघन निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब 280 इलेक्ट्रिक वाहन एवं हाई-वोल्टेज लिथियम-अयन बैटरियों का असुरक्षित एवं अव्यवस्थित तरीके से भंडारण पाया गया। वाहनों और बैटरियों को बिना पर्याप्त वेंटिलेशन वाले टिन शेड में रखा गया था, जबकि कई वाहन परिसर के बाहर भी खड़े पाए गए।
निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी गंभीर कमियां सामने आईं। परिसर में आग बुझाने के लिए आवश्यक अग्निशामक यंत्र, सीओ-2 अथवा क्लास-डी अग्निशामक व्यवस्था, रेत की बाल्टियां अथवा अन्य प्रभावी अग्नि नियंत्रण प्रणाली उपलब्ध नहीं पाई गई। इलेक्ट्रिक वाहनों और हाई-वोल्टेज लिथियम-अयन बैटरियों के इस प्रकार असुरक्षित भंडारण को देखते हुए परिसर में आग लगने की स्थिति में गंभीर जनहानि और संपत्ति के नुकसान की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।
जांच दल द्वारा मौके पर आधिकारिक पंचनामा तैयार किया गया। तकनीशियन चंद्र प्रकाश आदित्य की उपस्थिति में प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से सील किया गया। कार्रवाई में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
        जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर आम नागरिकों के जीवन को जोखिम में डालने वाली गतिविधियों के विरुद्ध प्रशासन द्वारा जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *