💥ग्रामीणों को छोटी-बड़ी समस्याओं में मिलेगी पुलिस की त्वरित सहायता।
💥क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम।
💥जनता में बनेगा सुरक्षा का माहौल, पैदा होगा अपराधियों में कानून का खौफ।
तहतक न्यूज/जांजगीर-चांपा,छत्तीसगढ़। विश्वपर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के ग्राम करही में नए पुलिस सहायता केंद्र का शुभारम्भ किया गया। केंद्र की स्थापना से स्थानीय ग्रामीणों को अब छोटी-बड़ी समस्याओं और आपातकालीन स्थितियों में तुरंत पुलिस सहायता मिल सकेगी। इस नए पुलिस सहायता केंद्र का लोकार्पण पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय ने विधिवत फीता काटकर किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप, संयुक्त कलेक्टर शक्ति अरुण सोम, बिर्रा एवं करही के सरपंच सहित जनप्रतिनिधि, पंचगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि केंद्र में पुलिस बल की चौबीसों घंटे तैनाती रहेगी, जिससे ग्रामीणों को अब अपनी शिकायतों के लिए दूर थानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इस क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह एक प्रभावी कदम है। इस दौरान पुलिस कप्तानों ने तैनात स्टाफ को ग्रामीणों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और त्वरित निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए हैं। पुलिस सहायता केंद्र के खुलने से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बढ़ेगा और अपराधियों में कानून का खौफ पैदा होगा।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को नई मजबूती मिलेगी। अब ग्रामीणों को छोटी-बड़ी घटनाओं की सूचना देने अथवा पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए दूरस्थ थाना या चौकी तक नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्र में 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे असामाजिक तत्वों में कानून का भय बढ़ेगा तथा आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

उद्घाटन के पश्चात पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक शक्ति प्रफुल्ल ठाकुर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण किया तथा तैनात पुलिस कर्मियों को आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों एवं ग्रामीणों द्वारा पुलिस सहायता केंद्र परिसर में पौधरोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुलिस विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास एवं सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



